देशभर में शराब की दुकानें लगभग 40 दिन बाद सोमवार को फिर से खुली और इन पर लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी। कुछ स्थानों पर सामाजिक दूरी बनाए रखने के नियम का उल्लंघन भी किया गया। गृह मंत्रालय ने सोमवार से लॉकडाउन की अवधि दो और सप्ताह के लिए बढ़ा दी थी और ग्रीन तथा ओरेंज जोन में शराब और तंबाकू की दुकानें खोलने की अनुमति दी थी।
राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को खुली शराब की दुकानों में से कई को भीड़ के अनियंत्रित होने और सामाजिक दूरी बनाए रखने के नियम का पालन न करने की वजह से बंद करना पड़ा। कई जगह भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्के बल का इस्तेमाल भी करना पड़ा।
एक अधिकारी के अनुसार, लॉकडाउन के नियमों में ढील देने के बाद शराब की करीब 150 दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई है। ये दुकानें सुबह नौ बजे से शाम साढ़े छह बजे तक खुल सकती हैं।
कई लोगों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि केवल सरकारी दुकानों को शराब बिक्री की अनुमति दी गई है।
बुराड़ी, मयूर विहार, गांधी विहार, रोहिणी और जनकपुरी में बड़ी संख्या में लोग दुकानों के बाहर इकट्ठे हो गए। अधिकारी ने बताया कि पूर्वी दिल्ली में मयूर विहार के पास एक दुकान को बंद कराना पड़ा क्योंकि लोग वहां सामाजिक दूरी के नियम का पालन नहीं कर रहे थे। उत्तर और मध्य दिल्ली से भी ऐसी खबरें मिली हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उन दुकानों को बंद करने को कहा गया, जहां सामाजिक दूरी बनाए रखने के नियम का पालन नहीं हो रहा था। वहीं कुछ स्थानों पर भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्के बल का इस्तेमाल करना पड़ा।
उत्तर प्रदेश में शराब की 26,000 दुकानें फिर से खुली तो उन पर लोगों की भारी भीड़ नजर आई, जबकि राजस्थान में कुछ दुकानों पर सामाजिक दूरी बनाए रखने संबंधी नियम का पालन नहीं किया गया।
सरकारी अधिसूचना के अनुसार शराब बेचने वाली दुकानों पर सामाजिक दूरी बनाए रखने संबंधी नियम का पालन करना होगा और एक समय में दुकान पर पांच से अधिक लोग मौजूद नहीं रह सकते है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सुबह 10 बजे से ही दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ नजर आने लगी थी। गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने कुछ पाबंदियों के साथ सुबह दस बजे से शाम सात बजे तक शराब की दुकानों को खोलने की अनुमति दी थी।
शराब की दुकानों के निकट पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई थी ताकि भीड़ एकत्र न हो। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण पर रोक लगाने के लिए जारी लॉकडाउन के नियमों में छूट के बाद सोमवार से शर्तों के साथ शराब की दुकानें खुली और खुलने से पहले ही दुकानों पर लंबी लंबी कतारें देखने को मिली।