लेफ्टिनेंट जनरल मनोज मुकुंद नरवाने मंगलवार को 28 वें सेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालेंगे। वह जनरल बिपिन रावत की जगह लेंगे जिनका प्रमुख के रूप में कार्यकाल मंगलवार को समाप्त होगा। लेफ्टिनेंट जनरल नरवाने वर्तमान में सेना के उप प्रमुख हैं। नरवाने 31 दिसंबर को 13 लाख की क्षमता वाली भारतीय थलसेना के सेनाध्यक्ष के रूप में कमान संभालेंगे।
नरवाने की नियुक्ति ऐसे समय में हो रही है जब भारत और पाकिस्तान के रिश्ते आतंकवादी गतिविधियों और इस्लामाबाद के उकसावे के कारण तनाव में हैं। इस साल सितंबर में सेना का उप प्रमुख पद संभालने से पहले लेफ्टिनेंट जनरल नरवाने सेना की पूर्वी कमान का नेतृत्व कर रहे थे। सेना की यह कमान चीन से लगती 4000 किलोमीटर लंबी सीमा की सुरक्षा करती है।
अपने 37 साल की सेवा में उन्होंने जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर में आतंकवाद व उग्रवाद विरोधी अभियानों, शांतिकाल में विभिन्न कमानों का नेतृत्व किया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय राइफल्स बटालियन और पूर्वी मोर्चे पर इंफैंट्री ब्रिगेड का नेतृत्व भी किया। लेफ्टिनेंट जनरल नरवाने श्रीलंका भेजी गई भारतीय शांति बल का हिस्सा थे।