कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को लोगों से गाजा में पीड़ितों को याद करने का आग्रह किया। उन्होंने दुनियाभर के तथाकथित नेताओं को चुपचाप तमाशा देखने और सत्ता और लालच की तलाश में बेपरवाह आगे बढ़ने के लिए फटकार लगाई। नए साल की पूर्व संध्या पर एक्स पर एक पोस्ट में कांग्रेस महासचिव ने कहा कि जहां हमारे बच्चे जश्न मना रहे हैं, वहीं गाजा में लोगों के बच्चों की बेरहमी से हत्या की जा रही है।
प्रियंका गांधी ने आगे कहा, 'जैसा कि हम एक नए साल की शुरुआत का जश्न मनाते हैं और एक-दूसरे को ढेर सारी प्यारभरी शुभकामनाएं देते हैं, ठीक इसी तरह हम गाजा में अपने भाइयों और बहनों को याद करें जो अपने जीवन, सम्मान और स्वतंत्रता के अधिकार पर सबसे अन्यायपूर्ण और अमानवीय हमले का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, 'हमारे बच्चे जश्न मना रहे हैं, लेकिन उनके बच्चों की बेरहमी से हत्या की जा रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि दुनियाभर के तथाकथित नेता चुपचाप देखते हैं और सत्ता और लालच की तलाश में बिना किसी चिंता के आगे बढ़ते रहते हैं।' उन्होंने बताया कि लाखों आम लोग हैं जो गाजा में हो रही भयानक हिंसा को खत्म करने की मांग करते हुए अपनी आवाज उठा रहे हैं। गौरतलब है कि प्रियंका गांधी गाजा में हिंसा के खिलाफ मुखर रही हैं और वहां तत्काल युद्धविराम की मांग कर रही हैं।