कानून मंत्री किरन रिजिजू लगातार सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के खिलाफ मुखर होकर बयानबाजी कर रहे हैं। अब एक बार फिर कानून मंत्री ने सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम पर निशाना साधा है। उन्होंने मंगलवार को एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि खूफिया विभाग और रॉ की कुछ संवेदनशील रिपोर्ट्स के कुछ हिस्सों को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम द्वारा सार्वजनिक करना गंभीर चिंता का विषय है। किरन रिजिजू ने कहा कि खूफिया एजेंसियां गुप्त तरीके से काम करती हैं और अगर उनकी रिपोर्ट्स को सार्वजनिक किया जाएगा तो वह भविष्य में दो बार सोचेंगे।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने हाल ही में आईबी और रॉ की रिपोर्ट्स के कुछ हिस्सों को सार्वजनिक किया था। इन रिपोर्ट्स में सुप्रीम कोर्ट में नियुक्ति के लिए भेजे गए नामों के बारे में जानकारी दी गई थी। दरअसल केंद्र सरकार ने खूफिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कॉलेजियम द्वारा भेजे कुछ नामों को खारिज कर दिया था। इसके बावजूद कॉलेजियम ने इन नामों को फिर से सरकार के पास भेज दिया था। इसी पर बोलते हुए कानून मंत्री ने कहा कि आईबी और रॉ की संवेदनशील रिपोर्ट्स को सार्वजनिक करना बेहद चिंताजनक है और मैं इस पर सही समय आने पर प्रतिक्रिया दूंगा।
उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने पहली बार आईबी और रॉ की जजों की नियुक्ति पर तैयार की गई रिपोर्ट को सार्वजनिक किया है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने जजों की नियुक्ति पर केंद्र सरकार की आपत्ति पर भी विस्तार से जवाब दिया है। मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने इस बार पूरे मामले को सार्वजनिक करने का फैसला किया। साथ ही खूफिया विभागों की रिपोर्ट को भी सार्वजनिक किया गया।