तीन तलाक पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अध्ययन के बाद विधि आयोग समान नागरिक संहिता का प्रारूप रिपोर्ट तैयार करेगा। आयोग के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने मंगलवार को बताया कि तीन तलाक पर फैसले के आलोक में ही समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट तैयार होगा।
विधि आयोग इसका भी आकलन करेगा कि सुप्रीम कोर्ट के तीन तलाक के रिवाज को समाप्त करने के फैसले से इस पर भी रोशनी पड़ेगी कि क्या पर्सनल लॉ संविधान पीठ के अनुरूप है या नहीं।
करीब 400 पन्नों के आदेश में आयोग धार्मिक आस्था और धार्मिक दस्तूर का जवाब ढूंढने का भी प्रयास करेगा। आगामी महीनों में जब विधि आयोग समान नागरिक संहिता पर रिपोर्ट तैयार कर लेगा तब सरकार इसे आगे की कार्यवाही के लिए सर्वदलीय बैठक में पेश करेगी।
जटिल कानूनी मसलों पर सरकार को सलाह देने वाले विधि आयोग यूनिफॉर्म सिविल कोड पर अपनी रिपोर्ट तैयार करने से पहले विभिन्न पक्षकारों से विचार-विमर्श करेगा। इसके पास इस मसले से जुड़े हजारों सुझाव पहले ही आ चुके हैं।