फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मदरसे में लाउडस्पीकर लगाने पर बवाल, हुआ पथराव और लाठीचार्ज

Wed, 22 Jun 2016 12:21 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, गोरखपुर
विज्ञापन
दो पक्षों के बीच हुई मारपीट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मदरसे में लाउडस्पीकर लगाने पर मंगलवार को गोरखपुर के निजामपुर में बवाल हो गया। समझौते के लिए जुटे दोनों पक्ष के लोग थाने में ही भिड़ गए। हंगामा कर रहे लोगों को जब पुलिस ने बाहर कर दिया तो वहां भी उनमें विवाद हो गया। दोनों पक्ष ने थाने के सामने पथराव शुरू कर दिया। इसमें दो लोग घायल हो गए।
विज्ञापन


पुलिस ने लाठीचार्ज कराके स्थिति काबू में की। फोर्स के साथ पहुंचे डीआईजी, डीएम और एसएसपी ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। घटना के बाद तनाव को देखते हुए तिवारीपुर में पीएसी के साथ ही फोर्स लगा दी गई है। अधिकारी बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश में लगे हैं।

निजामपुर में पार्षद नजमा बेगम के घर के सामने मदरसा नुरुल इस्लाम चलता है। वर्ष 2004 से इसका संचालन जुबिली इंटर कॉलेज के रिटायर्ड प्रिंसिपल एम. रहमान करते हैं। मदरसे को मस्जिद की शक्ल देने पर पहले भी बवाल हुआ था। इसके बाद प्रशासन ने समझौता करा दिया था। पांच दिन पहले मदरसे पर लाउडस्पीकर लगा दिया गया।
विज्ञापन


इस पर विरोध जताते हुए दूसरे पक्ष के लोगों ने 16 जून को थाने में तहरीर देकर समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इसी मसले पर सोमवार को दोनों पक्ष में बातचीत हुई लेकिन कोई हल नहीं निकला। मंगलवार की दोपहर मदरसा कमेटी के सदस्य स्थानीय लोगों के साथ बातचीत के लिए थाने पहुंचे। दूसरे पक्ष से शिकायतकर्ता के अलावा हिंदू युवा वाहिनी के नेता भी पहुंचे।
विज्ञापन

थाने के बाहर भिड़ गए दो पक्ष

इस मामले को लेकर तिवारीपुर क्षेत्र में तनाव फैल गया। - फोटो : अमर उजाला
एसपी (सिटी), सीओ कोतवाली, एसडीएम (एफआर) के सामने चल रही बातचीत के दौरान दोपहर 1:30 बजे दोनों पक्ष के लोग उग्र हो गए और एक-दूसरे पर समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाने लगे। माहौल बिगड़ने पर पुलिस ने हंगामा करने वालों को बाहर कर दिया।

बातचीत के दौरान ही दोपहर 2:35 बजे थाने के बाहर खड़े दोनों पक्ष के लोग भिड़ गए। दोनों और से पथराव शुरू हो गया। इसी दौरान सिर में चोट लगने से नरसिंहपुर निवासी महेंद्र मंझवार और एक अन्य युवक घायल हो गया। महेंद्र की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

एसडीएम (एफआर), एसपी (सिटी) ने लाठीचार्ज कराके उपद्रवियों को खदेड़ा। इस मामले को लेकर तिवारीपुर क्षेत्र में तनाव फैल गया। जानकारी मिलने पर डीआईजी शिवसागर सिंह, डीएम ओएन सिंह, एसएसपी रामलाल वर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फ्लैग मार्च करने के साथ ही लोगों से घरों में रहने की अपील की गई।

एहतियात के तौर पर तिवारीपुर क्षेत्र को चार सेक्टर में बांटकर एसडीएम और सीओ को सुरक्षा का जिम्मा दिया गया है। मदरसे के साथ ही पूरे क्षेत्र में दो कंपनी पीएसी, कोतवाली, शाहपुर, कैंट, राजघाट पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। देर शाम तिवारीपुर थाने पहुंचे कमिश्नर पी. गुरु प्रसाद ने भी घटना की जानकारी ली।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें