एम्स रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) के महासचिव डॉ. श्रीनिवास राजकुमार ने कहा, कई डॉक्टरों को मकान मालिकों ने निकाल दिया है। उनके पास रहने की जगह नहीं है। केंद्रीय गृह मंत्री को लिखे पत्र में एसोसिएशन ने कहा, अस्पताल के कई कर्मचारी रोड पर फंसे हैं। उन्होंने गृह मंत्री से मदद की गुहार लगाई थी। एम्स आरडीए के अध्यक्ष डॉ. आदर्श प्रताप सिंह ने बताया कि गौतम नगर में रहने वाले एम्स के एक डॉक्टर को मकान मालिक घर छोड़ने को विवश कर रहा है।
दिल्ली : केशवपुरम में क्रू मेंबर को बताया कोरोना पीड़ित
दिल्ली के केशवपुरम में रात को घर लौटे क्रू मेंबर को कोरोना पीड़ित कहकर लोगों ने प्रताड़ित किया। एक अन्य कॉलोनी में रहने वाली मैरी नाम की महिला ने बताया कि हमारी कॉलोनी में विमानन कर्मचारी रहते हैं। इन्होंने खुद को क्वारंटीन कर रखा है। डिलीवरी कर्मचारी को हमारी कॉलोनी में आने की मंजूरी नहीं है। कॉलोनी के दुकानदार भी सामान नहीं देते। स्थानीय लोग बाहर निकलने वालों की तस्वीरें खींचकर मकान मालिकों को भेज रहे हैं।
कोलकाता : प्रशासन के हस्तक्षेप से माने मकान मालिक
कोरोना वायरस के लिए सैंपल की जांच करने वाली नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ कॉलेरा एंड एंटेरिक डिजीज (एनआईसीईडी) टीम के साथ काम कर रहीं 30 साल की स्वास्थ्यकर्मी ने बताया कि उनके मकान मालिक ने घर खाली करने को कहा है। एनआईसीईडी प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद ही उन्हें घर में रहने देने की मंजूरी दी।
कोलकाता : मकान मालिक ने नर्सों से घर खाली कराया
कोलकाता के जिस अस्पताल में सोमवार को कोरोना से एक शख्स की मौत हुई, वहां की नर्सों को उनके मकान मालिकों ने घर खाली करने को कहा। अस्पताल में इन 15 नर्सों के रहने का वैकल्पिक इंतजाम करना पड़ा। एक नर्स ने ने कहा, हम पहले से ओवरटाइम कर रहे थे। काफी तनाव में थे। इस बीच मकान मालिक ने घर खाल करने को कह दिया। हम भाग्यशाली हैं कि अस्पताल ने मदद की।
सूरत : पड़ोसियों के गुस्से का शिकार हुए डॉक्टर
गुजरात के सूरत स्थित न्यू सिविल हॉस्पिटल की डॉ. संजीवनी पाणिग्रही को अपार्टमेंट के अन्य लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। वह अस्पताल की मनोचिकित्सक हैं। उन्होंने बताया, सोमवार रात मैं अस्पताल से घर पहुंची तो अपार्टमेंट के 8-10 लोग बिल्डिंग के मेन गेट पर थे। इनमें रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष भी थे। उन्होंने मुझे आते देखा तो कहा, तुम बाहर जाओगी तो नहीं चलेगा।
मुंबई : पड़ोसियों ने किया क्रू सदस्यों का बहिष्कार
कई इलाकों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और पड़ोसियों ने क्रू सदस्यों का बहिष्कार किया। इन्हें ड्यूटी पर जाने से रोका जा रहा है। स्थिति यहां तक पहुंची की इन पर कार्रवाई के लिए पड़ोसियों ने पुलिस तक बुला ली। लगातार मिल रहीं ऐसी शिकायतों पर एअर इंडिया ने चिंता जताई है।