लद्दाख में सुरक्षा कर्मियों के साथ तीखी बहस और 'हम Gen Z हैं' वाले वीडियो में नजर आने वाली पर्यटक ने अब भारतीय सेना से माफी मांगी है। महिला ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि उसने गुस्से और हताशा में ऐसी बातें कह दी थीं, जिसके लिए वह सेना के जवानों से माफी मांगती है। उसने कहा कि मुझे छोटी बहन समझ कर माफ कर दें।
महिला ने एनडीटीवी से बातचीत में जवानों को संबोधित करते हुए कहती नजर आई, "मेरे देश के जवान भाई, मुझे माफ कर दो। मैंने जो भी वहां पर गलती की है, आप लोग मुझे माफ कर दीजिए।" महिला ने देश की सुरक्षा में सशस्त्र बलों की भूमिका को भी स्वीकार किया। उसने कहा, "अपने जवाब भाईयों को, जिनकी वजह से हम सुरक्षित रह पाते हैं। हम लोग हताशा में आकर कुछ भी बोल देते हैं, लेकिन आप हमें कभी कुछ नहीं बोलते हैं।"
माफी मांगते हुए क्या बोली महिला पर्यटक?
पर्यटक ने अपनी गलती मानते हुए आगे कहा, "मैं भारतीय सेना से माफी मांगती हूं। अपनी छोटी बहन समझ कर मुझे माफ कर दीजिए। " पर्यटक ने कहा कि उसे अपनी गलती का जल्द ही अहसास हो गया था। उसकी यह माफी उस वीडियो के बाद सामने आई है, जिसमें लद्दाख के मिनिमर्ग चेकपॉइंट पर सुरक्षा कर्मियों के साथ उसकी बहस दिखाई गई थी। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उसके बयान और विरोध करने के तरीके की आलोचना की थी।
वायरल वीडियो में वह मिनिमर्ग चेकपॉइंट पर लंबे समय से यातायात रोके जाने पर सवाल उठाती दिखाई दी थी। उसने पर्यटकों को कई घंटों तक रोके जाने पर आपत्ति जताई थी। महिला ने कहा था, "हम Gen Z हैं और हम यह बकवास बर्दाश्त नहीं करेंगे।" उसने प्रतिबंधों पर भी सवाल उठाए थे।
ये भी पढ़ें: लद्दाख में Gen Z महिला के बवाल का वीडियो वायरल: पूर्व अफसर नाराज; बोले- जवान सैलरी लेने से पहले टैक्स देते हैं
पूर्व सैन्य अफसरों ने जताई नाराजगी
वायरल बातचीत के दौरान उसकी एक अन्य टिप्पणी की भी आलोचना हुई थी। उसने कहा था, "हमारे टैक्स से सबको सैलरी जाती है। ये हमारे से ऊपर हो गए अब? जाएंगे तो सारे जाएंगे वरना कोई नहीं जाएगा।" चिनार कॉर्प्स के पूर्व कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ’'सैनिक अपनी सैलरी मिलने से पहले ही टैक्स चुका देते हैं। आप ऐसे इलाकों में छुट्टियां मनाने जा सकते हैं क्योंकि हमारे सैनिक दिन-रात इसकी सुरक्षा करते हैं, भले ही इसके लिए उन्हें अपनी जान भी देनी पड़े। आपकी भाषा आपकी अच्छी परवरिश और स्कूली शिक्षा की झलक होती है। हमेशा सम्मानजनक व्यवहार करें। अधिकारों की मांग करने से पहले कानून का पालन करने वाला एक अच्छा नागरिक बनना सीखें। और आखिर में... ‘जल्द ठीक हो जाइए।’'
आखिर वायरल वीडियो में हुआ क्या था?
कारगिल के मिनिमर्ग चेकपॉइंट पर अधिकारियों से बहस करती एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इससे लोगों में नाराजगी फैल गई। ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह वीडियो 25 जुलाई का है। उस दिन जोजिला-गुमरी मार्ग पर रक्षा मंत्री और सेना प्रमुख के दौरे के कारण कुछ समय के लिए यातायात रोका गया था। रिपोर्ट के अनुसार, रक्षा मंत्री और सेना प्रमुख को हवाई मार्ग से यात्रा करनी थी, लेकिन खराब मौसम के कारण उन्हें हेलीकॉप्टर से गुमरी जाना पड़ा। इसके बाद उन्होंने सड़क मार्ग से कारगिल की यात्रा की।