Kuwait Boat Probe: मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पर पकड़ी गई संदिग्ध नाव के मामले में तीनों आरोपियों को दस फरवरी तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
नाव के जरिए कुवैत से भारत में प्रवेश करने वाले तीन लोगों को बुधवार को एक अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 10 फरवरी तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि इन लोगों ने किस मार्ग से मुंबई में प्रवेश किया और क्या उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र में कोई अपराध किया है।
विज्ञापन
दक्षिण मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के पास संदिग्ध नाव में पकड़े गए आरोपियों की पहचान नित्सो डिट्टो (31 वर्षीय), विजय विनय एंथनी (29 वर्षीय) और जे साहायत्ता (29 वर्षीय) के रूप में हुई है। उन्हें मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस ने उन पर पासपोर्ट (भारत में प्रवेश) नियमों के प्रावधानों के तहत देश में प्रवेश के लिए प्रक्रिया का पालन न करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बुधवार को अदालत को अपना रिमांड नोट सौंपा। जिसमें उसने कहा कि बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएश) ने नाव की जांच की। दल को उसमें कोई विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला।
विज्ञापन
इसमें कहा गया है कि पुलिस ने नाव से जीपीएस बरामद किया है, जिसे जांच के लिए भेजे जाने की जरूरत है। ताकि, तीनों के कुवैत से भारत आने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे 28 जनवरी को कुवैत से रवाना हुए थे और भारतीय तटों में प्रवेश करने से पहले सऊदी अरब, कतर, दुबई, मस्कट, ओमान और पाकिस्तान गए थे। पुलिस अभी तक इस मार्ग का पता नहीं लगा पाई है।