राज्यसभा में पीएम मोदी संबोधित करेंगे; दोपहर दो बजे का समय हुआ तय
राज्यसभा में पीएम मोदी (फाइल)
- फोटो : sansad tv youtube
संसद के बजट सत्र का छठा दिन बेहद अहम रहने वाला है। राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देंगे। पीएम मोदी इससे पहले लोकसभा में जवाब दे चुके हैं। लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने लगभग 100 मिनट लंबे अपने भाषण में विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया था।
गेटवे ऑफ इंडिया पर नाव बरामद, मुंबई पुलिस कर रही जांच
मुंबई पुलिस (सांकेतिक)
- फोटो : सोशल मीडिया
मुंबई पुलिस ने मंगलवार को कुवैत से एक नाव के गेटवे ऑफ इंडिया पर पहुंचने के मामले में जांच शुरू की। पहली नजर में नाव पर कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है। नाव पर तीन लोग सवार थे। तीनों तमिलनाडु के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक गेटवे ऑफ इंडिया पर लंगर डालने के बाद नाव की गहन जांच की गई। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। नाव पर सवार तीनों लोगों से सवाल किए जा रहे हैं। उन्होंने इस मामले में और विस्तृत जानकारी नहीं दी। यह मामला इसलिए अधिक संवेदनशील है क्योंकि करीब 16 साल पहले हुए आतंकी हमले में शामिल हमलावर भी समुद्री रास्ते से मुंबई पहुंचे थे। गौरतलब है कि नवंबर 2008 में मुंबई में आतंकी हमला (26/11) करने वाले 10 पाकिस्तानी आतंकवादी समुद्री रास्ते से आए थे।
गुजरात के बोरवेल में गिरा बच्चा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
गुजरात में बोरवेल में गिरे बच्चे को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान घटनास्थल की तस्वीर
- फोटो : ANI
करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद गुजरात के जामनगर में गोवना गांव से अच्छी खबर सामने आई। सुरक्षाकर्मियों के प्रयास से यहां एक बोरवेल में गिरे बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया।
इससे पहले स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार शाम गुजरात के जामनगर के गोवाना गांव में एक दो साल का बच्चा शाम करीब साढ़े छह बजे बोरवेल में गिर गया। अधिकारियों के मुताबिक, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कार्यकारी मजिस्ट्रेट कटान चावड़ा ने एएनआई को बताया, बचाव अभियान में अग्निशमन सेवा की दो टीमों की सहायता ली गई। राजकोट से एसडीआरएफ की एक टीम और वडोदरा से एनडीआरएफ की एक टीम को भी बुलाया गया।
पुणे पुलिस ने आपराधिक कृत्यों के महिमामंडन से बचने की चेतावनी दी, 260 अपराधियों की परेड
पुणे पुलिस (फाइल / सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : ANI
महाराष्ट्र पुलिस ने अपराध के महिमामंडन के खिलाफ सख्ती दिखाई है। मंगलवार को पुणे पुलिस कमिश्नरेट में 260 से अधिक अपराधियों की परेड कराई गई। अवैध गतिविधियों में शामिल न होने और ऑनलाइन रील बनाने से परहेज करने की चेतावनी दी गई। इन्हें उनके कृत्यों का महिमामंडन करने वाले सोशल मीडिया कंटेंट के प्रकाशन से बचने का निर्देश दिया गया है। आपराधिक बैकग्राउंड वाले गैंगस्टर गजानन मार्ने, नीलेश घायवाल, बाबा बोडके और टीपू पठान सहित अन्य अपराधी पुलिस आयुक्त कार्यालय के सामने कतार में खड़े दिखे। अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इन्हें निर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विरोध प्रदर्शन की तैयारी, भाजपा महिला मोर्चा ने लगाए आरोप
अग्निमित्रा पॉल, प. बंगाल भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष (फाइल)
- फोटो : ANI
पश्चिम बंगाल भाजपा महिला मोर्चा ने महिलाओं पर अत्याचार के मामलों में कथित वृद्धि के आरोप लगाए हैं। पार्टी ने बुधवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा के अंदर प्रदर्शन का एलान किया है। मोहिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि पार्टी की महिला विधायक पिछले 10 दिनों में महिलाओं के खिलाफ हुए अपराध के खिलाफ आवाज उठाएंगी।
सदन के अंदर विरोध प्रदर्शन के बारे में पॉल ने कहा, 'हम चाहते हैं कि ममता बनर्जी राज्य की बिगड़ती स्थिति पर ध्यान दें, जहां महिलाओं का जीवन और सुरक्षा खतरे में है। राज्य की महिलाएं अपनी सुरक्षा को लेकर आशंकित हैं। उन्होंने कहा, भाजपा मुख्यमंत्री से जवाब की मांग करती है। बता दें कि ममता के पास गृह विभाग का भी प्रभार है।
जामनगर में गोवना गांव से अच्छी खबर सामने आई; बोरवेल से बच्चे का सफल रेस्क्यू
आनंद मोहन को पासपोर्ट जमा करने का आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की भीड़ हिंसा मामले में दोषी ठहराए गए बिहार के पूर्व सांसद व बाहुबली आनंद मोहन को उनका पासपोर्ट जमा करने का आदेश दिया है। साथ ही हर 15 दिन पर स्थानीय थाने में रिपोर्ट करने के लिए कहा है। शीर्ष अदालत आनंद की समय पूर्व रिहाई के खिलाफ याचिका पर सुनवाई कर रही थी। याचिका कृष्णैया की विधवा उमा कृष्णैया ने दायर की है।
राजस्थान में जासूसी में पाकिस्तानी युवक हिरासत में
राजस्थान के जैसलमेर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने के बाद एक व्यक्ति मनु भील (24) को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मंगलवार को कहा कि भील जोधपुर जिले के फलौदी में रह रहा था और जैसलमेर सैन्य स्टेशन में एक ईंधन पंप पर काम कर रहा था। ब्यूरोकोतवाली प्रभारी सत्यप्रकाश विश्नोई ने बताया कि आर्मी इंटेलिजेंस ने सोमवार शाम भील को यह दावा करते हुए हिरासत में लिया था कि उसके मोबाइल फोन में संदिग्ध सामग्री मिली है। पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि भील पाकिस्तान के भावलपुर जिले का रहने वाला है और भारत में दीर्घकालिक वीजा पर रह रहा था। वह 2014 में भारत आया थ। उसने जनवरी 2024 में आर्मी स्टेशन पर काम करना शुरू किया था। फोन को जांच के लिए भेज दिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
यौन उत्पीड़न से तंग दो महिला नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
ओडिशा के बौध जिले में मंगलवार को दो महिला नक्सलियों ने शिविरों में यौन उत्पीड़न से तंग आकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। एक अधिकारी ने कहा, ये दोनों नक्सली पड़ोसी छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले की हैं और संगठन के कंधमाल-कालाहांडी-बौध-नयागढ़ (केकेबीएन) मंडल से जुड़ी थीं। आईजीपी (दक्षिणी रेंज) जय नारायण पंकज ने बताया कि इन महिलाओं दावा किया है कि नक्सलियों ने 2018 में गाना गाने के लिए उन्हें संगठन में भर्ती किया था, लेकिन उनका इस्तेमाल विभिन्न गतिविधियों में किया गया, जिससे वे आजिज आ चुकी थीं।
सहायक कर आयुक्त ने मांगी एक करोड़ रुपये की रिश्वत
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने राज्य कर सहायक आयुक्त और महाराष्ट्र जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) विभाग के कुछ अन्य अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। कर संबंधी एक लंबित मामले के निपटारे को लेकर एक कंपनी के निदेशक से एक करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में यह रिपोर्ट दर्ज की गई है। अधिकारियों ने बताया कि एसीबी मुंबई इकाई ने राज्य कर (जांच शाखा) के सहायक आयुक्त अर्जुन सूर्यवंशी और अन्य अधिकारियों के खिलाफ दो फरवरी को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा सात के तहत केस दर्ज किया।
मनसे नेता ने राज ठाकरे को उपहार में दी विवादित ढांचे की ईंट
अयोध्या के राम मंदिर में रामलला प्राण प्रतिष्ठा के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता बाला नादगांवकर ने अपने नेता राज ठाकरे को एक ईंट उपहार में दी है जो चर्चा का विषय बन गई है। बाला नादगांवकर यह ईंट अयोध्या में विवादित ढांचे विध्वंस के बाद, वहां से लेकर आए थे। पूर्व विधायक बाला नादगांवकर ने दावा किया कि मैं अयोध्या में राम मंदिर बनने पर वह ईंट शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे को उपहार में देना चाहता था।
कैथोलिक बिशप कॉन्फ्रेंस के फिर अध्यक्ष बने थजत
केरल में त्रिशूर के आर्कबिशप एंड्रयूज थजत को एक बार फिर भारत के कैथोलिक बिशप कॉन्फ्रेंस (सीबीसीआई) का अध्यक्ष चुना गया है। बिशपों के संघ की आम सभा की बैठक के छठे दिन सीबीसीआई ने मद्रास-मैलापुर के आर्कबिशप जॉर्ज एंटोनीसामी को उपाध्यक्ष प्रथम और बाथरी के बिशप जोसेफ मार थॉमस को उपाध्यक्ष दि्वतीय घोषित किया।
देश नहीं, दल को तरजीह देने से दलदल में कांग्रेस : अनुराग
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस ने हमेशा देश की बजाए दल और परिवार को तरजीह दी। यही वजह है कि लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस दलदल में फंस गई है। राम की विरोधी पार्टी को राम के राज्य उत्तर प्रदेश में पांव टिकाने की जगह तक नहीं मिल रही। गांधी परिवार के सदस्यों को भी राज्य में चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं हो रही। अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को अमर उजाला से बातचीत में कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश से पहले पार्टी को अहमियत दी। पहले धर्म के नाम पर, फिर जाति के नाम पर देश को बांटा। अब अंतिम समय में पार्टी क्षेत्रवाद की भावना भड़का कर देश को बांटना चाहती है। सोनिया गांधी के तेलंगाना से चुनाव लड़ने या राज्यसभा के रास्ते संसद आने की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि इस परिवार को उत्तर भारत को कोसने की सजा मिल रही है।
युवाओं में भगवान राम के प्रति पूर्ण समर्पण : प्रधान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा से पैदल चलकर अयोध्या पहुंचे युवक से अपने आवास पर मुलाकात की। प्रधान ने कहा कि युवाओं में भगवान राम के प्रति पूर्ण समर्पण है। ओडिशा के तालचेर के रहने वाले शुभम साहू 33 दिन में एक हजार किलोमीटर पैदल चलकर अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन किए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इससे भगवान राम के प्रति युवाओं के समर्पण और संकल्प का पता चलता है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में प्रधान ने कहा कि प्रभु राम और उनके आदर्शों ने हमेशा सही मार्ग का चुनाव करने को लेकर लोगों को प्रेरित किया।
आचार संहिता के उल्लंघन मामले में केजरीवाल के खिलाफ समन रद्द
बॉम्बे हाईकोर्ट की गोवा पीठ ने कथित तौर पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के एक मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ जारी समन को मंगलवार को रद्द कर दिया। 2017 के गोवा विधानसभा चुनाव के दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएफएमसी) मापुसा ने केजरीवाल को जन प्रतिनिधित्व अधिनियम और रिश्वतखोरी से संबंधित भारतीय दंड संहिता की धारा 171 (ई) के तहत उनके खिलाफ दायर आरोपपत्र के संबंध में तलब किया था। आप की गोवा इकाई के प्रमुख अमित पालेकर ने बताया कि हाईकोर्ट ने इस मामले में जारी समन को रद्द कर दिया। पालेकर पेशे से वकील भी हैं। पिछले साल नवंबर में जारी समन पर केजरीवाल ने समन के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख किया था।
निरक्षर को साक्षर बनाने पर छात्रों को मिलेंगे क्रेडिट
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को कहा कि स्कूली छात्र यदि किसी निरक्षर को साक्षर करते हैं तो फिर उन्हें उसके क्रेडिट मिलेंगे। छात्र कम से कम अपने आसपास के एक व्यक्ति को अवश्य साक्षर करें। सौ फीसदी साक्षरता दर के लिए जनआंदोलन अभियान बनाना होगा। साक्षरता के साथ-साथ ऐसे लोगों को 21वीं सदी के कौशल जैसे ऑनलाइन लेनदेन, फाॅर्म भरना और हस्ताक्षर करने में भी दक्ष करवाया जा रहा है। वह राष्ट्रीय बाल भवन दिल्ली में दो दिवसीय उल्लास मेले का उद्घाटन मौके पर छात्रों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सौ फीसदी साक्षरता विकसित भारत का सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ है। इसलिए सभी को साक्षर करना जरूरी है। शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्हें मौलिक साक्षरता और संख्यात्मकता के साथ-साथ सामान्य जरूरतों से संबंधित विषयों में कुशल बनाया जा रहा है, ताकि जीवन में आगे बढ़ सकें। छात्र इस अभियान से जुड़कर नए क्रेडिट आर्किटेक्चर के तहत दूसरों को साक्षर बनाने में मदद करके क्रेडिट अंक अर्जित करेंगे। इसलिए शिक्षण और सीखने की पद्धति को सरल और मनोरंजक बनाना होगा। पूर्ण साक्षरता का लक्ष्य खेल, दैनिक कार्य से जुड़ी चीजों पर आधारित ज्ञान वितरण प्रणाली के जरिये ही हासिल किया जा सकता है।
ईडी ने जदयू एमएलसी की 26 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध रेत खनन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बिहार के जनता दल-यू के एमएलसी राधाचरण साह की 26 करोड़ से अधिक की दो अचल संपत्तियों को जब्त कर लिया। ईडी के मुताबिक, साह ने मुखौटा कंपनी के जरिये काली कमाई से मनाली में रिसॉर्ट और गाजियाबाद में परिवार के स्वामित्व वाले ट्रस्ट के जरिये स्कूल बनवाया। ईडी ने ब्रॉडसन कमोडिटीज प्रा.लि. व अन्य पर बिहार पुलिस की 19 एफआईआर के आधार पर जांच की थी। मामले में साह, उनका बेटा कन्हैया, ब्रॉडसन के निदेशकों मिथिलेश कुमार सिंह, बबन सिंह और सुरेंद्र कुमार जिंदल पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।
2.16 लाख लोग कमा रहे एक करोड़ से अधिक
देश में सालाना एक करोड़ रुपये से अधिक कमाने वालों की संख्या 2.16 लाख से अधिक हो गई है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी राज्यसभा में यह जानकारी दी। वित्त वर्ष 2019-20 में एक करोड़ से अधिक कमाने वालों की संख्या 1.09 लाख थी, जो 2022-23 में बढ़कर 1.87 लाख हो गई। वित्त राज्य मंत्री ने आईटीआर जमा करने वाले करोड़पतियों का विवरण भी दिया। वित्त वर्ष 2023-24 में 12,218 लोगों ने बताया कि उनकी आय पेशेवर है। 2022-23 में इस तरह के लोगों की संख्या 10,528 और 2019-20 में 6,555 थी।
23.38 लाख किसान जुड़े पेंशन योजना से
किसानों को पेंशन के लिए बनी प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना में 23,38,720 लोग पंजीकृत हो चुके हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने मंगलवार को लोकसभा में लिखित जवाब में यह जानकारी दी। योजना 18 से 40 साल के लघु और सीमांत किसानों (एसएमएफ) को पेंशन और सामाजिक सुरक्षा देती है। इसमें पंजीकृत होने वाले किसानों को 60 वर्ष की उम्र होने पर हर महीने 3 हजार रुपये पेंशन का प्रावधान है।
पांच साल में देशद्रोह के 701 मामले हुए दर्ज
2018 से 2022 तक देशद्रोह के 701 और आतंकवादी कानून गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत 5,023 मामले दर्ज किए गए हैं। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में यह जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि इस अवधि के दौरान 788 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 500 के खिलाफ देशद्रोह में आरोप पत्र दायर किया गया।
विदेश में भारतीय छात्रों की मौत के पीछे नफरती हिंसा तो नहीं, जांच की उठी मांग
संसद के उच्च सदन में मंगलवार को विदेश में भारतीय छात्रों पर लगातार हमले और मौत की घटनाओं पर चिंता जताई गई। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने सरकार से पूछा कि कहीं इसके पीछे नफरती हिंसा तो वजह नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए। राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान गंभीर चिंता का विषय उठाते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार की दी गई जानकारी के अनुसार, 2018 से अब तक विदेशों में 403 भारतीय छात्रों की जान चली गई है। उन्होंने कहा, यह केवल संख्या नहीं है, परिवार तबाह हो गए, सपने चूर-चूर हो गए, भविष्य खत्म हो गया।
कर्नाटक के सीएम सिद्धरमैया पर दस हजार रुपये का जुर्माना
कर्नाटक हाईकोर्ट ने सीएम सिद्धरमैया के खिलाफ 2022 में दर्ज एक एफआईआर रद्द करने की उनकी याचिका खारिज कर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। हाईकोर्ट ने उन्हें छह मार्च को एमपी-एमएलए विशेष कोर्ट के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया। कोर्ट ने कांग्रेस महासचिव कर्नाटक इकाई के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, मंत्री एमबी पाटिल व रामलिंगा रेड्डी पर भी 10-10 हजार का जुर्माना लगाया। तत्कालीन मंत्री के एस ईश्वरप्पा के इस्तीफे की मांग को लेकर पूर्व सीएम का आवास घेरने पर सिद्धरमैया पर केस हुआ था। ठेकेदार संतोष ने ईश्वरप्पा पर अपने गांव में एक सार्वजनिक कार्य पर 40 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद यह प्रदर्शन किया गया था।