उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में ट्रेन और स्कूल वैन की टक्कर में हुई 13 बच्चों की मौत मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक जिस समय ड्राइवर मानव रहित क्रॉसिंग को पार कर रहा था, उस समय उसने कानों में ईयरफोन लगा रखे थे और वह ट्रेन की आवाज नहीं सुन पाया।
घटनास्थल पर पहुंचे सीएम
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ड्राइवर की लापरवाही गंभीर मामला है, उसने कानों में ईयरफोन लगा रखे थे और उसकी उम्र को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कुछ लोगों ने बताया कि ड्राइवर को क्रॉसिंग के पास एक शख्स ने ट्रेन आने की चेतावनी भी दी लेकिन ड्राइवर ने उसकी बात को अनसुना कर दिया। कुशीनगर के डीएम अनिल कुमार सिंह ने बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे की है जब डिवाइन पब्लिक स्कूल की वैन बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। रेलवे लाइन पार करते वक्त ये दुर्घटना हुई।
हादसा इतना भयानक था कि वैन के परखच्चे उड़ गए। आपको बता दें कि सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है, इसके अलावा रेल मंत्री पीयूष गोयल ने भी मामले की जांच कराने की बात कही और मृतकों के परिजनों को अतिरिक्त 2 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया।