दक्षिण पूर्वी रेलवे और पूर्वी कोस्ट रेलवे की रूटों पर ट्रेन सेवाएं बुधवार को प्रभावित रहीं। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल में एसटी दर्जा पाने के लिए कुर्मी जाति के लोगों ने दो स्टेशनों के ट्रैकों को जाम कर दिए थे।
ओबीसी में आने वाले कुर्मियों ने एसटी दर्जे की मांग करते हुए पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खेमासूली रेलवे स्टेशन और पुरुलिया जिले के कुस्तौर रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया था। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाइवे-6 पर भी जाम लगा दिया था।
मांगे पूरी नहीं होती तो करेंगे प्रदर्शन
अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन के कारण एसईआर ने 46 एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त और 8 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया। कुर्मी नेता तपस महतो ने कहा कि जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं होती, हम प्रदर्शन करते रहेंगे। हाइवे पर प्रदर्शन के कारण सैकड़ों गाड़ियां जाम में फंसी रहीं। इस वजह से झारग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर जिले के रोड पर भी भारी जाम लगा रहा। प्रदर्शन के कारण कई लोगों को डायवर्ट भी किया गया।
ओडिशा में प्रभावित रहा ट्रैफिक
ईस्ट कोस्ट रेलवे ने कहा कि ओडिशा में कोई आंदोलन आयोजित नहीं किया गया था, लेकिन उत्तर भारत से ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। ईसीओआर के एक अधिकारी ने कहा कि एक ट्रेन को रद्द कर दिया गया, एक को शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया और सात को डायवर्ट किया गया है।