कुलदीप के आवास के अंदर का लॉन, फर्श और सीवरेज आदि सब ठीक-ठाक थे, लेकिन अंदर कमरों में कागजात बिखरे पड़े थे। जिस भी कमरे में देखो, वहां कागजों के ढेर लगे थे और अन्य सामान भी बिखरा पड़ा था। कोठी के अंदर बनाए कार्यालय की मेज और फर्श पर कागजों के ढेर लगे थे। वहीं कंप्यूटर रूम में भी मेज पर कागज बिखरे थे। कंप्यूटर हालांकि ठीक-ठाक था, लेकिन दराज खंगाली गई थीं। सर्वेंट क्वार्टरों में भी स्थिति यही थी। वहां की अलमारियों को खंगाला हुआ था और सामान बिखरा था।
23 जुलाई को शुरू हुई थी कार्रवाई
आयकर विभाग की टीम ने 23 जुलाई को सुबह सात बजे कुलदीप के सेक्टर-15 स्थित आवास, सिरसा रोड स्थित ऑटोमोबाइल एजेंसी और आदमपुर मंडी में आढ़त की दुकान व उसके ऊपर बने आवास पर एक साथ छापा मारा था। 23 जुलाई की रात करीब 10 बजे आदमपुर और एजेंसी की कार्रवाई पूरी हो गई थी, लेकिन उसी दिन से सेक्टर-15 स्थित आवास पर कार्रवाई जारी थी। यह कार्रवाई शुक्रवार दोपहर 1:10 बजे पूरी हुई।