बलूच कार्यकर्ता मामा कदीर ने कुलभूषण जाधव को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने दावा किया है कि पाकिस्तान की जेल में यातनाएं सह रहे कुलभूषण को पाकिस्तान की खूफिया एजेंसी आईएसआई ने ईरान से अगवा करवाया था। एक इंटरव्यू में कदीर ने दावा किया है कि आईएसआई ने कूलभूषण को अगवा करवाने के लिए करोड़ों रुपए दिए थे।
कदीर बलूच को वॉइस फॉर मिसिंग बलूच्स नामक संगठन से इसकी जानकारी मिली। कदीर इस संगठन के उपाध्यक्ष हैं। कदीर ने बताया कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलीजेंस (आईएसआई) के लिए काम करने वाले मुल्ला उमर बलूच ईरानी ने जाधव को ईरान के चाबहार से अगवा किया था।
कदीर ने कहा, 'हमारे संयोजक वहां मौजूद थे। जाधव का अपहरण करने के लिए
आईएसआई की ओर से मुल्ला उमर को करोड़ों रुपये दिए गए थे। मुल्ला उमर ईरानी बलूचिस्तान में कुख्यात आईएसआई एजेंट के रूप में मशहूर है और उसे पाकिस्तानी सरकार के खिलाफ वहां आवाज उठाने वालों को अगवा करने के लिए जाना जाता है।'
कदीर ने बताया कि हम जानते थे कि कुलभूषण जाधव ईरान में एक व्यवसायी थे। आईएसआई ने घोषणा की थी कि उन्होंने बलूचिस्तान में जाधव को पकड़ा है। दरअसल, जाधव कभी अलूचिस्तान आए ही नहीं थे। अगवा कर जाधव को पहले चाहबहार से ईरान और बलूचिस्तान सीमा स्थित शहर मशकेल ले जाया गया, जहां से उनको बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा लाया गया और वहां से इस्मालाबाद।
आपको बता दें कि जाधव को पाकिस्तान की एक अदालत ने जासूसी और आतंकवाद के आरोप में मौत की सजा सुनाई हुई है। भारत ने यह मामला अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय में उठाया जहां फिलहाल जाधव की मौत की सजा पर रोक लगाने का आदेश दिया गया।