सार
कोलकाता में तीन आरोपियों ने कथित तौर पर एक किशोर की आंखों पर पट्टी बांधकर उस पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस को शक है कि यह हमला सोशल मीडिया रील बनाने के लिए किया गया। लेकिन परिवार ने 500 रुपये के पुराने विवाद का आरोप लगाया है। आखिर किशोर को क्यों जलाया गया? क्या रील बनाने के लिए इतनी खतरनाक हरकत की गई? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...
कोलकाता में किशोर को आग लगाकर बनाया वीडियो
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां तीन आरोपियों ने कथित तौर पर एक किशोर की आंखों पर पट्टी बांधी और उसके शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आरोप है कि इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, पीड़ित के परिवार ने हमले के पीछे पैसों के विवाद का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह घटना दक्षिण कोलकाता के लेनिन नगर इलाके में 27 अक्तूबर को हुई थी। पुलिस के मुताबिक, किशोर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया और एक तालाब के पास ले गए। वहां उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी और जबरन सिर पर हेलमेट पहना दिया। किशोर ने इसका विरोध किया और हेलमेट उतारने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे पेट्रोल पिलाने का भी प्रयास किया। इसके बाद उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।
किशोर को आग लगाने का वीडियो कैसे सामने आया?
सोशल मीडिया पर इस घटना का कथित वीडियो सामने आया है। इसमें एक आरोपी स्कूटर की डिक्की से पेट्रोल की बोतल निकालता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह आंखों पर पट्टी बांधे किशोर पर पेट्रोल डालता है। दूसरा व्यक्ति एक आरोपी की तरफ माचिस फेंकता है। फिर आरोपी माचिस की तीली जलाकर किशोर की ओर फेंक देता है। आग लगते ही किशोर चीखने लगता है और जलते हुए भागता दिखाई देता है। आसपास के लोग उसे बचाने के लिए दौड़ पड़ते हैं।
क्या महज 500 रुपये के विवाद में किशोर को जलाया गया?
पीड़ित के परिवार का आरोप है कि इस हमले के पीछे पैसों का पुराना विवाद है। परिवार के मुताबिक, किशोर ने करीब छह महीने पहले एक आरोपी से 500 रुपये उधार लिए थे। हालांकि, वह यह रकम पहले ही लौटा चुका था। इसके बावजूद उसे निशाना बनाया गया। दूसरी तरफ पुलिस को शक है कि आरोपियों ने सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए घटना रिकॉर्ड की थी। पुलिस दोनों पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने कब की गिरफ्तारी और किशोर की हालत कैसी है?
- पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक ये प्रमुख बातें सामने आई हैं।
- घटना 27 अक्तूबर को दक्षिण कोलकाता के लेनिन नगर में हुई।
- गरफा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
- गुरुवार को दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
- किशोर की छाती और पेट पर जलने के घाव हैं।
- अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और हालत स्थिर बताई गई है।
क्या सोशल मीडिया रील बनाने के लिए किया गया हमला?
पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि शुरुआती जांच में सोशल मीडिया रील बनाने के लिए हमले का वीडियो रिकॉर्ड किए जाने का संदेह है। हालांकि, अभी इसे वारदात का पक्का कारण नहीं माना गया है। पुलिस अन्य संभावित वजहों की भी जांच कर रही है। जांच अधिकारी वायरल वीडियो की पड़ताल कर रहे हैं और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पूरी घटना किस क्रम में हुई और आरोपियों का असली मकसद क्या था।