फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Big News: कोलकाता के निजी कॉलेज में रैगिंग, साथी छात्रों के खिलाफ पुलिस में शिकायत, पढ़ें प्रमुख खबरें

Wed, 01 Nov 2023 07:01 AM IST
गुलाम अहमद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

सार

पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि पीड़ित छात्र के पिता ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके बेटे के साथ न केवल रैगिंग की गई, बल्कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। उन्होंने कहा कि पीड़ित और आरोपी एक ही कॉलेज में पढ़ते हैं। हम मामले की जांच कर रहे हैं।
 
विज्ञापन
National News - फोटो : Social Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोलकाता में एक निजी कॉलेज में रैगिंग का मामला सामने आया है। शहर के आनंदपुर पुलिस स्टेशन में कुछ छात्रों के खिलाफ अपने सहपाठी के साथ कथित तौर पर रैगिंग करने की शिकायत दर्ज की गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि पीड़ित छात्र के पिता ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके बेटे के साथ न केवल रैगिंग की गई, बल्कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। उन्होंने कहा कि पीड़ित और आरोपी एक ही कॉलेज में पढ़ते हैं। हम मामले की जांच कर रहे हैं।

विज्ञापन


बता दें, इसी साल अगस्त में कोलकाता के जादवपुर विश्वविद्यालय में रैगिंग को लेकर काफी विवाद हुआ था। यहां 17 वर्षीय छात्र की हॉस्टल की दूसरी मंजिल की बालकनी से गिरने से मौत हो गई थी। इस संबंध में 10 से अधिक छात्रों को गिरफ्तार किया गया था।

दक्षिण-पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के पद से सेवानिवृत्त हुए ले. जनरल बीएस राजू
लेफ्टिनेंट जनरल बीएस राजू मंगलवार को दक्षिण-पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के पद से सेवानिवृत्त हो गए और उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को अपना कार्यभार सौंप दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इससे पहले, लेफ्टिनेंट जनरल राजू सेना के उप-प्रमुख का पद संभाल रहे थे। संयुक्त राष्ट्र के मिशनों का हिस्सा रहे राजू को सेना में उनके योगदान के लिए उत्तम युद्ध सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक और युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया था।

संघ की केंद्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक से पहले भुज पहुंचे आरएसएस प्रमुख
आगामी वार्षिक बैठक में भाग लेने के लिए आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत मंगलवार को गुजरात के कच्छ जिले में पहुंचे। यहां वे अयोध्या में भगवान राम मंदिर समारोह और विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन सहित मुद्दों पर चर्चा करेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक 5 से 7 नवंबर तक होगी। बैठक के लिए भागवत 8 नवंबर तक भुज में रहेंगे। इसके अलावा आरएसएस महासचिव दत्तात्रेय होसबले, कार्यकारी परिषद के सभी सदस्य और संघ पदाधिकारी भी बैठक में भाग लेंगे। बताया जाता है कि बैठक में देश भर से आरएसएस के 400 से अधिक पदाधिकारियों और सदस्यों के भाग लेने की उम्मीद है। सम्मेलन में संघ के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की और सितंबर में पुणे में आयोजित अखिल भारतीय समन्वय बैठक में उठाए गए मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा भागवत की ओर से हाल ही में नागपुर में विजयादशमी उत्सव के संबोधन में उठाए गए मुद्दों पर भी चर्चा होगी।

ड्रग्स तस्करों पर ईडी के  छापे, 60 लाख से अधिक नकद, सोना जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुंबई में ड्रग तस्कर अली असगर शिराजी और कुछ अन्य लोगों के ठिकानों पर इस माह मारे गए छापों में 60 लाख रुपये से अधिक की नकदी, सोना, मोबाइल, लैपटॉप समेत डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। केंद्रीय एजेंसी ने कहा, ईडी ने मामले की जांच मुंबई पुलिस की एफआईआर के आधार पर पीएमएलए के तहत शुरू की है। मुंबई पुलिस ने 7.87 करोड़ रुपये की 15.74 किलोग्राम केटामाइन की जब्ती मामले में शिराजी और अन्य व्यक्तियों पर मामला दर्ज किया था। जांच में पता चला है कि शिराजी, अन्य व्यक्तियों और संस्थाओं से जुड़े खातों में भारी नकदी जमा की गई थी, जो ड्रग्स की बिक्री कर अवैध अर्जित की गई है।

इंदौर-1 सीट से सपा प्रत्याशी का नामांकन पत्र खारिज
मप्र विधानसभा चुनावों के लिए इंदौर-2 सीट पर मंगलवार को जांच के बाद समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रजनीश जैन का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया। फॉर्म खारिज होते ही जैन और उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा मचा दिया। प्रत्याशी जैन का कहना था कि अधिकारियों ने फॉर्म जमा करने के समय सिर्फ एक प्रस्तावक से दस्तखत कराने को कहा था। आज कहा जा रहा है कि 10 के दस्तखत चाहिए थे। उधर, इंदौर-1 में निर्दलीय प्रत्याशी अंजलि शुक्ला का भी फॉर्म निरस्त कर दिया गया। अंजलि ने बी फॉर्म नहीं लगाया था। जिले में इस बार 136 प्रत्याशियों ने नामांकन जमा किए हैं।

मोदी को लगता होगा...आने की जरूरत नहीं: जोरामथांगा
मिजोरम के मुख्यमंत्री और एमएनएफ प्रमुख जोरामथांगा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिजोरम चुनाव प्रचार के लिए नहीं आने पर कटाक्ष किया। उन्होंने मंगलवार को कहा, प्रधानमंत्री बहुत व्यस्त हैं। उन्हें शायद लगता होगा कि उनको मिजोरम आने की जरूरत नहीं है। वह अगर आते भी हैं तो भाजपा का प्रचार करेंगे न कि एमएनएफ का। जोरामथांगा ने कहा कि मोदी अपने मंत्रियों और नेताओं को भेज रहे हैं। शायद उनको बड़े राज्यों में चुनाव प्रचार करना होगा। 

नकली मिठाइयों पर लगेगी रोक 4,000 अधिकारी करेंगे दुकानों की जांच
दिवाली के दौरान मिठाइयों में मिलावट करने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी है। भारतीय खाद्य सुरक्षा मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जी कमला वर्धन राव ने कहा, आम तौर पर दिवाली के दौरान मिठाइयों की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में हमने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 4,000 अधिकारियों को मिठाइयों में मिलावट की जांच का आदेश दिया है। राव ने कहा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी निरीक्षण के साथ गुणवत्ता की जांच के नमूने एकत्र करेंगे। गड़बड़ी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रेहड़ी-पटरी पर लगेंगे बाजरा वाले स्टॉल
फूड स्ट्रीट परियोजना के हिस्से के रूप में बाजरा आधारित स्टालों को स्थापित किया जाएगा। एफएसएसएआई ईट राइट पहल के हिस्से के रूप में बाजरा को बढ़ावा दे रहा है। एफएसएसएआई ने पौष्टिक भोजन विकल्प के रूप में बाजरा की खेती और खपत को बढ़ावा देने का फैसला किया है। इसके लिए इसने हर्बालाइफ इंडिया के साथ करार किया है। हर्बालाइफ के एमडी अजय खन्ना ने कहा, हर्बालाइफ भारत की बढ़ती पोषण संबंधी चुनौतियों से निपटने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।

गडकरी ने पूर्वोत्तर को दी 17,500 करोड़ की सौगात
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुवाहाटी में मंगलवार को 17,500 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 26 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। डिब्रूगढ़-तिनसुकिया-लेडो परियोजना और बराक घाटी और मिजोरम को जोड़ने वाली सिलचर-लैलापुर सड़क परियोजनाओं में शामिल हैं। गडकरी ने कहा, सिलचर से लैलापुर खंड बराक घाटी को मिजोरम से जोड़ेगा, जिससे सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

रिहाई के बाद अपने आवास पर पहुंचे पर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू 
आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और टीडीपी अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू कथित कौशल विकास घोटाला मामले में अंतरिम जमानत मिलने के एक दिन बाद बुधवार सुबह विजयवाड़ा स्थित अपने आवास पहुंचे। आवास के बाहर पहले से मौजूद पार्टी समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद नायडू मंगलवार को राजमुंदरी जेल से रिहाई हुए।

ओडिशा के 26वें राज्यपाल के रूप में रघुबर दास ने संभाला पद
रघुबर दास ने मंगलवार को ओडिशा के 26वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। उड़ीसा हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश डॉ. विद्युत रंजन सारंगी ने राजभवन में आयोजित समारोह में उन्हें शपथ दिलाई। इसके तुरंत बाद राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस मौके पर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, राज्य के मंत्री, सांसद और विधायक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

समूहों में शत्रुता बढ़ाने के आरोप में भाजपा नेता एंटनी पर केस
केरल पुलिस ने विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने के आरोप में मंगलवार को भाजपा नेता अनिल के एंटनी के खिलाफ मामला दर्ज किया। एंटनी ने बुर्का पहनी महिला के बारे में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा की थी। कासरगोड जिला साइबर प्रकोष्ठ ने कहा कि ‘एक्स’ पर एंटनी का पोस्ट विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने के समान है, जिसके चलते आईपीसी की संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज किया गया।

केरल में ब्लास्ट के बाद संघ मुख्यालय की बढ़ाई सुरक्षा
केरल में बम ब्लास्ट के बाद यहां राष्ट्रीय स्वयंसेव संघ (आरएसएस) के मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने सोमवार शाम यहां शीर्ष अधिकारियों की बैठक ली और निर्देश दिया कि शहर में संघ मुख्यालय समेत अन्य संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा कड़ी की जाए। बता दें कि बीते रविवार को कलामासेरी में हुए विस्फोटों में तीन लोग मारे गए थे।

हथियार बरामदगी मामले में दो आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बिहार में नक्सलियों से हथियार जब्ती से जुड़े एक मामले में दो आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया है। एनआईए के प्रवक्ता ने बताया कि कौरिया के राम बाबू राम उर्फ राजन और तरियानी छपरा के राम बाबू पासवान उर्फ धीरज उर्फ प्रशांत के खिलाफ विशेष एनआईए अदालत में आरोप पत्र दायर किया गया।  

बीएसएनएल नए साल से शुरू करेगा 5जी सेवा
भारतीय संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के उपभोक्ताओं को नए साल से 5जी सेवा मिलने लगेगी। इसके लिए सरकारी कंपनी तैयारियों में जुटी है। अगले छह-आठ महीनों में बीएसएनएल नेटवर्क में स्वदेशी 5जी दूरसंचार उपकरणों की तैनाती कर दी जाएगी। सार्वजनिक क्षेत्र की प्रौद्योगिकी इकाई सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (सी-डॉट) के सीईओ राजकुमार उपाध्याय ने कहा कि स्टार्टअप विसिग और वीवीडीएन टेक्नोलॉजीज की मदद से बीएसएनएल स्वदेशी रूप से 5जी प्रणाली विकसित कर रही है। इसमें 5जी स्टैंडअलोन (एसए) रेडियो, कोर और आईपी मल्टीमीडिया सिस्टम शामिल हैं। सी-डॉट ने कुछ दिन पहले ‘इंडिया मोबाइल कांग्रेस-2023’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लाइव वीडियो कॉल के दौरान अपने 5जी प्रौद्योगिकी नेटवर्क का परीक्षण कर दिखाया था। बीएसएनएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक पीके पुरवार पहले ही कह चुके हैं कि कंपनी दिसंबर में 4जी सेवाएं और जून, 2024 के बाद 5जी सेवाएं शुरू करने जा रही है। 
विज्ञापन

पायलटों को अल्कोहल युक्त उत्पादों के उपयोग पर लगी रोक
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने पायलटों और अन्य चालक दल के सदस्यों को माउथवॉश, टूथ जेल या ऐसे किसी भी पदार्थ का उपयोग करने पर रोक लगा दी है। जिन उत्पादों में अल्कोहल की मात्रा होती है। विमानन नियामक ने शराब के सेवन के लिए विमान कर्मियों की चिकित्सा जांच की प्रक्रिया के लिए संशोधित नागरिक उड्डयन आवश्यकताएं (सीएआर) जारी कीं। संशोधित दिशानिर्देशों के तहत अब चालक दल के सदस्यों को उड़ान से पूर्व श्वास परीक्षण (बीएई) से गुजरना होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें