अबु धाबी के राजकुमार शेख़ मोहम्मद बिन ज़ायेद अल नहयान इस बार गणतंत्र दिवस के मौके पर मुख्य अतिथि हैं। यह फरवरी 2016 के बाद से राजकुमार का दूसरा भारत दौरा है।
वे नौ बच्चों के पिता हैं और उनकी शादी सलामा बिंत हमदान से 1981 में हुई थी। लेकिन उनकी इस शादी के बारे में जो सबसे ख़ास बात है वो यह है कि यह शादी इतिहास में अब तक की सबसे महंगी शादी के रूप में दर्ज है। सात दिनों तक चले इस शादी समारोह में कथित तौर पर लगभग सात अरब रुपये खर्च हुए थे।
गिनीज़ बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में यह दुनिया की सबसे महंगी शादी के रूप में दर्ज है। पाकिस्तानी अख़बार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक़ राजकुमार के पिता ने शादी के दौरान "कपड़े का स्टेडियम बनाने का ऑर्डर दिया था जिसमें बीस हज़ार मेहमानों को ठहराया जा सकें।"
इस रिपोर्ट के मुताबिक़ "राजकुमार ने घोड़े की पीठ पर बैठकर अपने सम्राज्य का दौरा किया था और शाही परंपरा के मुताबिक़ अपने साम्राज्य की जनता को उपहार दान में दिए थे, और इसके अलावा तोहफ़े के तौर पर दुल्हन को मिलने वाला गहना बीस ऊंटों पर लादकर लाया गया था।"