पूर्वोत्तर के उग्रवादी संगठन कामतापुर लिबरेशन ऑर्गनाइजेशन (केएलओ) का प्रमुख जीवन सिंह मुख्यधारा में शामिल होने और केंद्र सरकार के साथ चल रही शांति वार्ता में शामिल होने के लिए भारत पहुंच गया हैं। जीवन सिंह ने अपनी बेटियों से मिलने की इच्छा जताई है। बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार के साथ बातचीत के दौरान दिल्ली में केएलओ प्रमुख की अपनी बेटियों से मुलाकात होगी।
जीवन सिंह ने कुछ दिन पहले ही म्यांमार के एक शिविर से भारत में प्रवेश किया। केएलओ के नौ सदस्य के साथ वह मुख्यधारा में शामिल हुआ। इसके बाद बीएसएफ ने उसे असम राइफल्स के हवाले कर दिया। गौरतलब है कि मुख्यधारा में लौटने से पहले केएलओ प्रमुख जीवन सिंह ने मीडिया को दिए एक बयान में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ शांति वार्ता अंतिम चरण में है। वह जल्द ही केंद्र सरकार के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेगा। इससे पहले केएलओ के डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ सूर्य कोच ने संकेत दिया था कि गणतंत्र दिवस से पहले एक अलग कामतापुर शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।