प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आंदोलन खत्म करने की अपील और बातचीत के लिए निमंत्रण देने के बाद किसान संगठन भी पुन: चर्चा शुरू करने के लिए आगे आए हैं। इन संगठनों का कहना है कि सरकार बातचीत के अगले दौर की तारीख तय करे।
इसके साथ ही आंदोलनकारी किसान संगठनों ने ये भी चेतावनी दी है कि हमारी सरकार से वार्ता जरुर चलती रहेगी, लेकिन हम सड़कों पर हर सप्ताह आंदोलन भी करते रहेंगे। सरकार के साथ किसान संगठन किन मुद्दों पर चर्चा करेंगे, इसे लेकर बुधवार को बैठक कर रणनीति तय करेंगे।
आज बैठक में तय करेंगे रणनीति
किसान नेता हन्नान मौला ने बताया कि, बुधवार को सभी किसान संगठनों की बैठक होगी। इसमें आगे सरकार से कब बात करना है? किन मुद्दों पर चर्चा करना है? इस पर विचार होगा। इसके बाद हम सरकार को अपनी मांगें बता देंगे, लेकिन इस दौरान हमारा सड़कों पर आंदोलन भी जारी रहेगा। हर सप्ताह हम आंदोलन करते रहेंगे।
किसानों का प्रस्ताव आए तो करेंगे बात
कृषि मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, सरकार पहले भी कई बार कह चुकी है कि हम चर्चा के लिए तैयार हैं। जैसे ही किसानों की तरफ से चर्चा का कोई प्रस्ताव आता है तो हम लोग एक तारीख कर बैठक करेंगे। उम्मीद है कि इस बैठक में सकारात्मक नतीजा निकल सकता है।
किसान संगठन अब बैकफुट पर
लंबे खींचते आंदोलन और प्रदर्शन स्थल पर भीड़ कम होते देख किसान संगठन भी अब बैकफुट पर नजर आ रहे हैं। पीएम की अपील के बाद किसान संगठन अब नए सिरे से सरकार से चर्चा करेंगे। इस बैठक में सरकार फिर से अपने पुराने प्रस्ताव को दोहरा सकती हैं। वहीं किसान संगठन एमसएपी की गारंटी व अन्य कृषि कानूनों को लेकर चर्चा करेंगे।