Surgical Strike Row: 2019 में भारतीय वायुसेना की पश्चिमी कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में सेवानिवृत्त हुए एयर मार्शल रघुनाथ नांबियार ने कहा कि बालाकोट में हवाई हमले करने वाले पायलटों ने निर्धारित किए गए सभी उद्देश्यों को हासिल किया था।
सर्जिकल स्ट्राइक पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की टिप्पणी पर विवाद हो गया है। अब केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार को रिटायर्ड एयर मार्शल रघुनाथ नांबियार का वीडियो साझा कर दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा। वीडियो में एयर मार्शल नांबियार कह रहे हैं कि बालाकोट एयर स्ट्राइक जबरदस्त सफलता बताई थी। ट्विटर पर वीडियो क्लिप साझा करते हुए रिजिजू ने लिखा कि यह कांग्रेस पार्टी और उन सभी को जवाब है जो भारतीय सेना पर सवाल उठाते हैं।
विज्ञापन
2019 में भारतीय वायुसेना की पश्चिमी कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में सेवानिवृत्त हुए नांबियार ने कहा कि बालाकोट में हवाई हमले करने वाले पायलटों ने निर्धारित किए गए सभी उद्देश्यों को हासिल किया था।
दिग्विजय सिंह की टिप्पणी पर रिटायर्ड एयर मार्शल ने कहा कि ये साहब न जाने क्या बोल रहे हैं... बालाकोट एयर स्ट्राइक के दो दिन बाद मैंने पश्चिमी वायु कमान के कमांडर-इन-चीफ के रूप में पदभार संभाला और जो कुछ हुआ उससे मैं पूरी तरह वाकिफ हूं। उन्होंने कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हमारे बहादुर पायलटों ने ठीक वैसा ही किया, जैसा उन्हें बताया गया था और उन्होंने निर्धारित सभी उद्देश्यों को हासिल किया। कृपया किसी भी झूठ पर विश्वास न करें, क्योंकि बालाकोट हवाई हमला जबरदस्त सफलता थी।
विज्ञापन
पुलवामा हमले के जवाब में की गई थी एयर स्ट्राइक
बता दें, बालाकोट एयर स्ट्राइक पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में की गई थी, जिसमें सीआरपीएफ के 40 जवानों का अपनी जान गंवानी पड़ी थी। भारत सरकार ने 29 सितंबर, 2016 को जानकारी दी थी कि उसने पीओके में नियंत्रण रेखा के पार आतंकवादी लॉन्च पैड्स के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की गई थी, जिसमें आतंकियों को भारी नुकसान हुआ है। जम्मू-कश्मीर में सोमवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाते हुए सरकार पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया था।