कचरा बीनने वाले एक 12 साल के बच्चे को धूप से बचने के लिए पास खड़ी एक कार में बैठना भारी पड़ गया। कार के दरवाजे ऑटोमेटिक होने से बंद हो गए जिससे बच्चा उसमें फंस गया और दम घुटने से उसकी जान चली गई। महाराष्ट्र के अकोला जिले के आलेवाड़ी गांव में मंगलवार को यह घटना हुई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बच्चा तनेश बल्लाल अपनी दादी के साथ कचना बीनने गया था। भीषण धूप और गर्मी के परेशान तनेश पास में खड़ी एक कार में जाकर बैठ गया और कार के दरवाजे बंद हो गए। तनेश की दादी उसे ढूंढती रही, लेकिन वह नहीं मिला। रात में कार मालिक ने दरवाजा खोला तो बच्चा उसमें पड़ा मिला।
पुलिस ने बताया कि यह कार पिछले दो साल से तकनीकी खराबी के चलते उपयोग में नहीं आ रही थी। कार मालिक ने गाड़ी को झाड़ियों मे कड़ा कर रखा था। पुलिस ने इस सिलसिले में मामला दर्ज कर लिया है।