खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2024
- फोटो : ANI
असम में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का 19 फरवरी को आयोजन होने जा रहा है। गुवाहाटी में आयोजित होने जा रहे इस 11 दिवसीय खेल में 200 संस्थानों के 4500 एथलीट भाग लेंगे। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी प्रतिभागियों के लिए एक वीडियो संदेश देंगे। वहीं, केंद्रीय खेल और युवा मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ चौथे KIUG के उद्घाटन में शामिल होंगे।
मशहूर गायक पापोन देंगे प्रस्तुति
असम की खेल और युवा कल्याण मंत्री नंदिता गारलोसा ने पत्रकारों को बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम यहां सरुसजाई स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पापोन के नाम से मशहूर गायक अंगराग महंत प्रस्तुति देंगे। बता दें कि KIUG जमीनी स्तर के खेलों को बढ़ावा देने और देशभर से युवा प्रतिभाओं की पहचान करने के लिए केंद्र की खेलो इंडिया पहल का एक हिस्सा है।
दरअसल, गुवाहाटी सहित पूर्वोत्तर के छह शहरों में यह खेल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह प्रतिस्पर्धा 20 खेल विषयों में कुल 262 स्वर्ण, 263 रजत और 297 कांस्य पदक जीतने के लिए की जाएगी।
गुवाहाटी एथलेटिक्स, रग्बी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, तैराकी, बैडमिंटन, हॉकी, तलवारबाजी, कबड्डी, महिला फुटबॉल, टेनिस, मल्लखंभ, जूडो और टेबल टेनिस सहित 16 विषयों की मेजबानी करेगा।