कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को भाजपा पर निशाना साधा। दरअसल, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने परिसीमन संशोधन विधेयक पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग को लेकर खरगे को पत्र लिखा था। इस पर ही खरगे ने कहा कि किरेन रिजिजू को उतना ताकत नहीं दी गई है। उनका इस्तेमाल सिर्फ एक मोहरे की तरह किया जा रहा है।
खरगे ने क्या कहा?
खरगे ने आगे कहा, 'वे सभी विपक्षी दलों का अपमान कर रहे हैं। और वे (प्रधानमंत्री) जवाब क्यों नहीं देते? आपको जवाब देना चाहिए। हम जो कहते हैं, उस पर आपको ध्यान देना चाहिए। क्या आप कानून से ऊपर हैं? क्या आप संविधान से ऊपर हैं? आप 543 सांसदों में से एक हैं, और उनमें आप नंबर एक पर हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आप जो चाहें, वह कर सकते हैं।'
'इस देश की जनता चुप नहीं बैठेगी'
इसके बाद वे कहते हैं कि अगर आपने मन बना ही लिया है कि आप मनमानी करेंगे और तानाशाही दिखाएंगे, तो इस देश की जनता चुप नहीं बैठेगी। वे आपको सत्ता से हटा देंगे और आपकी विचारधारा को ही जड़ से खत्म कर देंगे। आज दशहरा है, जो एक बहुत महत्वपूर्ण दिन है। मैं साफ-साफ कह देना चाहता हूं। अगर उन्होंने ये हथकंडे नहीं छोड़े और अब तक की गई गलतियों को नहीं सुधारा, तो जनता पक्का उन्हें सजा दिलाएगी।