उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच यूपी की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एईएमआईएम) और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (एएसपी) के मिलकर भाजपा और समाजवादी पार्टी को चुनौती देने के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का गठन करने का एलान किया। साथ ही सभी 403 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारने के एलान भी कर दिया, जिससे सवाल उठा है कि क्या यह नया दलित-मुस्लिम गठजोड़ भाजपा के दलित वोट हासिल करने की कोशिश को नुकसान पहुंचाएगा या अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूले में सेंध लगाएगा।
खबरों के खिलाड़ी में इस हफ्ते यूपी में हुई इसी सियासी हलचल पर चर्चा हुई। चर्चा के लिए वरिष्ठ पत्रकार हर्षवर्धन त्रिपाठी, राजनीतिक विश्लेषक अनुराग वर्मा और विनोद अग्निहोत्री मौजूद रहे। विश्लेषकों ने इस गठबंधन के जमीनी असर और सियासी नफा-नुकसान पर अपनी राय रखी।
हर्षवर्धन त्रिपाठी: अखिलेश यादव के लिए यह गठबंधन निश्चित तौर पर एक बड़ी चुनौती है। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा मुख्य रूप से मायावती के परंपरागत दलित मतदाताओं और नए युवा मुस्लिम वर्ग को अपनी ओर खींच सकता है। युवा मुस्लिम मतदाता अब ओवैसी की तीखी तकरीरों को सुनने लगा है। यदि मुस्लिम और दलित वोट में जरा सा भी बिखराव हुआ, तो इसका सबसे बड़ा नुकसान अखिलेश यादव को ही होगा, क्योंकि वही योगी आदित्यनाथ को मुख्य चुनौती दे रहे हैं। दूसरी ओर, भाजपा के लिए इसमें एक सिल्वर लाइनिंग है। यूजीसी जैसे मुद्दों से नाराज भाजपा का परंपरागत वोटर किसी भी कीमत पर इस मोर्चे की तरफ नहीं जाएगा। ऐसे में यह मोर्चा अखिलेश यादव को सत्ता से दूर रखने का बड़ा कारक बन सकता है।
अनुराग वर्मा: उत्तर प्रदेश या देश में सत्ता की रेस में आने के लिए 'मुस्लिम प्लस एक अन्य समुदाय' का गठजोड़ हमेशा निर्णायक रहा है। राज्य में मायावती के सक्रिय राजनीति से लगभग अलग-थलग पड़ने के बाद दलित मतदाता का कोई मजबूत सहारा नहीं बचा। वहीं, मुस्लिम मतदाताओं ने कई सरकारें बनवाईं, लेकिन उन्हें सत्ता में वास्तविक हिस्सेदारी कभी नहीं मिली; उनका इस्तेमाल केवल 'दरी बिछाने' तक सीमित रहा। अब मुसलमानों के बीच यह मांग जोर पकड़ चुकी है कि 'अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा' और उन्हें अपने बीच का नेतृत्व चाहिए। जब दलित और मुस्लिम दोनों ही वर्गों को उनके वोट के बदले सत्ता में वाजिब जगह नहीं मिली, तो वे नए विकल्प की तलाश में हैं और यह मोर्चा उसी असंतोष की उपज है।
विनोद अग्निहोत्री: यूपी में पहले भी पीस पार्टी या मुस्लिम मजलिस जैसे मुस्लिम केंद्रित प्रयोग हुए हैं, लेकिन पहली बार ओवैसी और चंद्रशेखर के रूप में ऐसा दलित-मुस्लिम गठजोड़ बना है जिनका अपने-अपने समाजों में ठोस आकर्षण है। यह इंडिया गठबंधन और खासकर सपा के लिए खतरे की घंटी है, विशेषकर उन सीटों पर जहां जीत-हार का अंतर 1,000 से 5,000 वोटों का होता है। हालांकि, इसके सामने दो पेच भी हैं। पहला- मुस्लिम मतदाता के सामने यह मनोवैज्ञानिक सवाल रहेगा कि महज कुछ विधायक जीतने से क्या उनकी सत्ता में सुरक्षा सुनिश्चित होगी? दूसरा, दलित राजनीति में जाटव बनाम गैर-जाटव का समीकरण है; क्या गैर-जाटव जातियां मायावती के बाद चंद्रशेखर को सहजता से स्वीकार करेंगी?