कौशाम्बी में केशव प्रसाद मौर्या के पिता के साथ जश्न मनाते परिजन
चाय बेचने के दौरान कभी भी ये मन में ख्याल नहीं आया कि एक दिन मेरा बेटा केशव डिप्टी सीएम की कुर्सी संभालेगा। यह मेरे लिए फख्र की बात है। बेटे को यूपी का डिप्टी सीएम बनाये जाने की सूचना मिलते ही उनकी आंखों से आंसू छलक आए। शनिवार को ये बातें केशव प्रसाद मौर्य के 80 वर्षीय पिता श्याम लाल मौर्य ने कही।
श्याम लाल ने कहा कि उनके बेटे केशव ने वह करके दिखाया है जो हर पिता अपने बेटे से चाहता है। आर्थिक रूप से संपन्न न होने के बावजूद केशव आज जिस मुकाम पर पहुंचे है उसमें उनकी मेहनत और लगन ही है। उन्होंने कहा कि केशव ने मेरा सपना पूरा कर दिया है। शाम को केशव के पिता को डिप्टी सीएम बनाने की खबर न्यूज चैनलों के माध्यम से मिली।
सिराथू स्थित उनके घर में काफी संख्या में केशव के समर्थक और रिश्तेदार बधाई देने के लिए पहुंच गए। घर पर लोगों ने जमकर अबीर-गुलाल उड़ाए। यहां आतिशबाजी भी हुई। बेटे की कामयाबी से गदगद उनके पिता श्याम लाल मौर्य ने कहा कि अब कौशांबी समेत पूरे प्रदेश का विकास तो हो सकेगा। यहां वर्षों से ढेरों समस्याएं है।
उन्होंने कहा कि केशव के डिप्टी सीएम बनने के बाद जिले के लोगों की सारी समस्याओं का हल उनके गृह जनपद में ही होगा। इस बीच केशव की मां फूलपत्ती देवी भी बधाई देने वालों से मिली। बेटे की कामयाबी से खुशी उनके चेहरे पर साफ झलक रही थी।