केरलम के त्रिशूर जिले में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी थी। बाइक पर पति-पत्नी और उनका तीन साल का बेटा सवार था। हादसे में तीनों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान एडक्काझियूर निवासी मुनीर (35), शिफना (24) और उनके तीन साल के बेटे एमिल ऐबक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हादसा शनिवार रात करीब 12 बजे हुआ। परिवार बाइक से जा रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
#WATCH | Thrissur, Keralam: Three members of a family, including a three-year-old boy, were killed after a car lost control and rammed into their motorcycle in Kunnamkulam, Thrissur district. The deceased have been identified as Muneer (35), his wife Safna (25), and their… pic.twitter.com/3Zdz7fku3a
— ANI (@ANI) September 6, 2026
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार कार चालक हादसे के समय कथित तौर पर नशे में था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार और मोटरसाइकिल दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने कार और उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि, हादसे के बाद कार चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब त्रिशूर जिले में ही कैपमंगलम में आठ छात्रों की सड़क दुर्घटना में मौत से लोग पहले ही सदमे में थे। शुक्रवार देर रात पनंबिकुन्नू में छात्रों को ले जा रही कार हाईवे पर खड़े ट्रक के पीछे जा टकराई थी। इस हादसे में तमिलनाडु के आठ छात्रों की मौत हुई थी।
वहीं, मलप्पुरम जिले में रविवार तड़के हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर इडिमुझिक्कल के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, कार में सवार पांचों लोग दोस्त थे और सभी कूमन्ना के रहने वाले थे। पुलिस ने बताया कि हादसा सुबह करीब 3:30 बजे कोझिकोड-त्रिशूर एनएच-66 पर हुआ। पत्थर से लदा एक टिपर लॉरी हाईवे पर आया और कुछ दूर चलने के बाद सर्विस रोड की ओर जाने के लिए यू-टर्न लेने लगा। इसी दौरान सामने से आ रही कार उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
स्थानीय लोगों ने कार को काटकर सभी को बाहर निकाला। पांचों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। तीनों घायलों को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज के कैजुअल्टी वार्ड में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, इनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों के शव मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखे गए हैं। थेनहिपालम पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।