केरल में एक स्कूल के करीब 150 छात्रों के बीमार पड़ने की खबर है। तबीयत बिगड़ने के बाद 38 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानिए क्या है पूरा मामला
केरल के उत्तरी जिले कोइलाडी में मार बेसिलियोस सहायता प्राप्त अपर प्राइमरी स्कूल के करीब 150 छात्रों के बीमार पड़ने की खबर है। पिछले तीन दिनों से उन्हें बुखार और उल्टी की शिकायत है। इनमें से 38 छात्रों को बाथेरी तालुक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
बच्चों के अलावा शिक्षक की सेहत भी बिगड़ी, एक सप्ताह की छुट्टी का एलान
अधिकारियों ने बताया कि छात्रों का इलाज चल रहा है। जिला चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है। एहतियात के तौर पर स्कूल में एक सप्ताह की छुट्टी घोषित की गई है। बच्चों के इलाज के लिए बाथेरी तालुक अस्पताल में एक विशेष वार्ड भी बनाया गया है। छात्रों के अलावा, स्कूल के एक शिक्षक को भी शारीरिक परेशानी हुई है। पंचायत अधिकारियों ने अस्पताल का दौरा कर बच्चों की मौजूदा हालत को संतोषजनक बताया।
बीमारी के कारणों की पड़ताल जारी
अधिकारियों ने बताया कि कुछ बच्चों में 1 जून से लक्षण दिखने शुरू हुए थे। हालांकि, उनकी शारीरिक परेशानी का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। डॉक्टरों के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों की बीमारी के कारणों का पता लगाने के लिए नमूने एकत्र किए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के सही कारण का खुलासा हो पाएगा।