फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केरल: शुकूर हत्याकांड मामले में सात CPIM कार्यकर्ताओं को आजीवन कारावास की सजा, 14 साल पुराने मामले में फैसला

Thu, 19 Nov 2026 07:58 PM IST
ज्योति भास्कर आईएएनएस, कोच्चि।
विज्ञापन
केरल में सात दोषियों को आजीवन कारावास की सजा (सांकेतिक) - फोटो : ANI
विज्ञापन

23 वर्षीय आईयूएमएल कार्यकर्ता अरियल शुकूर की 2012 में हुई हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए 13 सीपीआईएम कार्यकर्ताओं में से सात को यहां की एक सीबीआई अदालत ने गुरुवार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इस फैसले के बाद केरल में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं। इन सात लोगों को हत्या में सीधे तौर पर शामिल पाया गया। बाकी छह दोषी ठहराए गए आरोपियों को कम सजा सुनाई गई।

क्या सात लोग फैसले के खिलाफ अपील करेंगे?

सीपीआईएम नेता और कन्नूर जिला सचिव रहे पी. जयराजन को पूर्व विधायक टी.वी. राजेश के साथ बरी कर दिया गया था। जयराजन ने कहा कि आजीवन कारावास की सजा पाने वाले ये सात लोग फैसले के खिलाफ अपील करेंगे। जयराजन ने कहा, चूंकि बाकी छह आरोपियों को कम सजा मिली है, इसलिए उन्हें आज ही जमानत मिल जाएगी।

सीपीआईएम की भूमिका अब सबके सामने

शुकूर के भाई ने फैसले पर असंतोष जताया और कहा कि परिवार ऊपरी अदालत (अपीलीय अदालत) में जाएगा। कन्नूर से आने वाले राज्य के बिजली मंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कहा कि इस हत्या में सीपीआईएम की भूमिका अब सबके सामने आ गई है। इस फैसले के खिलाफ अपील दायर की जाएगी।

विशेष अदालत के फैसले में खास क्या?

गुरुवार सुबह सीबीआई की विशेष अदालत ने पूर्व विधायक जयराजन और राजेश को बरी कर दिया था जबकि पार्टी के 13 कार्यकर्ताओं को दोषी ठहराया था। कुल 18 आरोपियों को बरी किया गया, जिनमें सीपीआईएम के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन के बेटे श्यामजीत भी शामिल हैं।

कन्नूर के कीझारा में हुई थी कार्यकर्ता शुकूर की हत्या

मुस्लिम स्टूडेंट्स फेडरेशन (एमएसएफ) के कार्यकर्ता शुकूर की 20 फरवरी 2012 को कन्नूर के कीझारा में हत्या कर दी गई थी। माना जाता है कि यह हत्या उसी दिन अरियिल में जयराजन और राजेश पर हुए हमले के बाद की गई थी।

विज्ञापन


सीबीआई का आरोप है कि शुकूर को खत्म करने की साजिश थलिपरम्बा कोऑपरेटिव अस्पताल में रची गई थी, जहां हमले के बाद दोनों नेताओं को भर्ती कराया गया था। दोनों नेताओं ने इन आरोपों से इनकार किया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, नेताओं पर हमले के बाद शुकूर और चार अन्य युवक एक घर में छिप गए थे। आरोप है कि सीपीआईएम कार्यकर्ताओं ने घर के मालिकों को धमकाया और उन्हें बाहर निकाल दिया।

81 गवाह, 238 दस्तावेज और 21 भौतिक साक्ष्य

मोबाइल फोन की तस्वीरों और पार्टी कार्यकर्ताओं की मदद से इनकी पहचान की गई। तीन लोगों को तो जाने दिया गया, लेकिन शुकूर और एक अन्य युवक जकारिया को पास के एक खेत में ले जाकर धारदार हथियारों से हमला किया गया। इस हमले में शुकूर की मौत हो गई जबकि जकारिया की जान बच गई। मुकदमे की शुरुआत मई 2025 में हुई, जिसमें 31 आरोपी कानूनी कार्यवाही का सामना कर रहे थे। इस मामले में 81 गवाह, 238 दस्तावेज और 21 भौतिक साक्ष्य शामिल थे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें