केरल के स्कूलों में बांटने के लिए एक सरकारी दवा कंपनी ने 83 हजार लीटर सैनिटाइजर तैयार किया है। इसे सरकारी व अनुदान प्राप्त स्कूलों में वितरित किया जाएगा। बता दें, कोरोना महामारी के कारण राज्य के स्कूल नौ माह से बंद थे। इनकी दसवीं-बारहवीं कक्षाओं को नए साल के पहले दिन से खोल दिया गया है, लेकिन उनमें कोरोना गाइड लाइन का सख्ती से पालन कराने को कहा गया है।
केरल के उद्योग मंत्री ईपी जयराजन ने बताया कि चूंकि बीते सप्ताह से स्कूल खोले जा चुके हैं, इसलिए वहां कोरोना को लेकर सावधानी बरतना जरूरी है। ऐसे में केरल स्टेट ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल्स ने पर्याप्त मात्रा में सैनेटाइजर का स्टॉक तैयार कर लिया है। इसे राज्य के 4402 सरकारी व अनुदान प्राप्त स्कूलों में वितरित किया जाएगा।
केरल सरकार ने सभी स्कूलों में मास्क व सैनिटाइजर का कड़ाई से इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं। राज्य के लोक निर्देश विभाग के आदेश के अनुसार संबंधित स्कूलों में उक्त सरकारी फार्मा कंपनी संक्रमण रोधी सैनेटाइजर भेज रही है।
अब तक सरकारी फार्मा कंपनी 20 लाख लीटर सैनिटाइजर का उत्पादन कर चुकी है। इससे इसने 51.88 करोड़ रुपये का टर्नओवर किया है।