केरल के पुलिसकर्मियों द्वारा बनाया गया 3-डी स्मारक ‘शौर्य’
- फोटो : ANI
केरल पुलिस में सेवा से बाहर की गई सैकड़ों राइफल्स, रिवाल्वर और मैग्जीन को पुलिस अधिकारियों ने अपनी रचनात्मकता से एक तीन आयामी (3डी) स्मारक ‘शौर्य’ में बदल दिया। यह देश में रिटायर हो चुके पुलिस अधिकारियों की याद में बनाया गया पहला राइफल कोलाज है।
इस खास स्मारक ‘शौर्य’ का राज्य पुलिस मुख्यालय में 27 जुलाई को लोकार्पण किया गया। अपनी तरह का यह देश का पहला स्मारक है जो रिटायर हो चुके पुलिस अफसरों और जवानों को सम्मान देने के लिए पुलिसवालों ने ही बनाया है।
नौ मीटर लंबे इस राइफल कोलाज का उद्घाटन करते हुए केरल पुलिस प्रमुख लोकनाथ बेहरा ने कहा कि ‘हम इन खराब हथियारों को पहले नष्ट करने वाले थे। लेकिन फिर अधिकारियों ने इससे स्मारक बनाने का आइडिया दिया। हमने उसे स्वीकार किया और आज यह सबके सामने हैं। हमें अपने काबिल अफसरों पर गर्व है।’ केरल पुलिस के इस आर्ट को आईपीएस एसोसिएशन ने ‘खाकी को 3डी सैल्यूट’ कहकर सराहा है।
3डी स्मारक में इन हथियारों का हुआ इस्तेमाल
- 1422 सेवा से बाहर हथियारों का इस्तेमाल किया गया
- 950 राइफल्स का इस्तेमाल किया गया
- 457 मैग्जीन भी फिट की गईं इस कोलाज में
- 80 मस्कट पिस्टल भी लगाई गईं
- 45 रिवाल्वर भी लगाई गईं