केरल इस समय बाढ़ की विभिषिका को झेल रहा है। बाढ़ की चपेट में आए लोगों को एनडीआरएफ, सेना, वायुसेना और नौसेना की मदद से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। इसी बीच एक बचाव कर्मी ने ऐसा नजारा देखा जो किसी को भी भावुक कर सकता है।
दरअसल, कोट्टाक्कुन्नू के पास एक मां और उसके शिशु का शव मिला। जिसमें मां ने मरने के बाद भी अपने बच्चे का हाथ कसकर पकड़ा हुआ था। यह एक पहाड़ी क्षेत्र है जहां दो दिन पहले भूस्खलन हुआ था।माना जा रहा है कि महिला का नाम गीतू है और उसकी उम्र 21 साल है। वह अपने डेढ़ साल के बेटे ध्रुव के हाथ को कसकर पकड़े हुए बेजान पड़ी थीं।
माना जा रहा है कि शुक्रवार को बाढ़ और भूस्खलन के कारण उनकी मौत हो गई। काफी घंटों तक खोजने के बाद रविवार को बचाव कर्मी को गीतू और उनके बेटे का शव मिला। गीतू के पति का नाम सरथ है। स्थानीय लोगों और बचाव दल के अधिकारियों के लिए मिट्टी और कीचड़ के नीचे एक मां और बेटे के शव को देखना दिल को झकझोर देने वाला था। दोनों ने एक-दूसरे के हाथ को कसकर पकड़ा हुआ था।
गीतू के पति सरथ बिल्कुल ठीक हैं। वहीं उनकी मां सरोजिनी का शव भी बरामद कर लिया गया है। सरथ और उनका परिवार मल्लपुरम के कोट्टाक्कुन्नू क्षेत्र में किराए के एक घर में रहता था। यहां भारी बारिश ने काफी तबाही मचाई है। वहीं पिछले हफ्ते आए भूस्खलन ने क्षेत्र की परेशानियों को बढ़ाने का काम किया है।