कांग्रेस से निष्कासित विधायक राहुल ममकूटाथिल के खिलाफ दो दुष्कर्म के मामले दर्ज हुए हैं। राहुल ममकूटाथिल पिछले साल नवंबर महीने में पलक्कड़ सीट पर हुए उपचुनाव में विधायक चुने गए थे। इससे सीट से पूर्व विधायक शफी परम्बिल वटकारा से लोकसभा सांसद बन गए थे।
केरल हाईकोर्ट ने गुरुवार को कांग्रेस से निष्कासित विधायक राहुल ममकूटाथिल को बड़ी राहत दी है। हाईकोर्ट ने एक महिला के साथ कथित बलात्कार और गर्भपात कराने के लिए मजबूर करने के मामले में गिरफ्तारी से दी गई अंतरिम सुरक्षा को बढ़ा दिया।
विज्ञापन
न्यायमूर्ति बेचू कुरियन थॉमस ने अंतरिम सुरक्षा को 7 जनवरी, 2026 तक बढ़ा दिया है। इस तारीख को तिरुवनंतपुरम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय की ओर से अग्रिम जमानत देने से इनकार करने के फैसले को चुनौती देने वाली ममकूटाथिल की याचिका पर फिर से सुनवाई होगी।
हाईकोर्ट ने 15 दिसंबर को विधायक को दी गई सुरक्षा को 18 दिसंबर तक बढ़ा दिया था। इससे पहले 6 दिसंबर को हाईकोर्ट ने विधायक को 15 दिसंबर तक गिरफ्तारी से सुरक्षा प्रदान की थी।
ममकूटाथिल ने अपनी याचिका में दावा किया है कि वह निर्दोष है और उससे हिरासत में पूछताछ की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी तर्क दिया है कि उनके और शिकायतकर्ता के बीच संबंध आपसी सहमति से था। उन्होंने कहा कि जब रिश्तों में तनाव पैदा हुआ, तो उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई।
पुलिस की ओर से यौन उत्पीड़न और जबरन गर्भपात का पहला मामला दर्ज किए जाने के बाद ममकूटाथिल छिप गए थे। हाईकोर्ट की ओर से 6 दिसंबर को अंतरिम राहत दिए जाने के बाद सबके सामने वापस लौटे थे। उन्होंने 11 दिसंबर को स्थानीय निकाय चुनावों में अपना वोट डालने के लिए पलक्कड़ में उपस्थिति दर्ज कराई थी।
केरल की पलक्कड़ विधानसभा सीट पर बीते साल नवंबर में हुए विधानसभा उपचुनाव में राहुल ममकूटाथिल जीत हासिल कर विधायक बने थे। इस सीट के पूर्व विधायक शफी परम्बिल केरल की वटकारा लोकसभा सीट से सांसद बन गए थे। इसकी वजह से पलक्कड़ विधानसभा सीट खाली हो गई थी।