देश में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। कोरोना संक्रमितों की संख्या 29 हजार को पार कर चुकी है। इसी बीच केरल में कोरोना के 25 ऐसे मरीज सामने आए हैं, जिनमें संक्रमण के स्रोत का पता नहीं चल पाया है। संक्रमितों में एक चार महीने का बच्चा भी शामिल है, जिसकी मौत हो चुकी है। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने इस बात की पुष्टि की है।
एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि हम बारीकी से स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अभी तक राज्य में सामुदायिक प्रसार का कोई संकेत नहीं मिला है। हम हॉटस्पॉट और अन्य भागों में किए गए रैंडम सैंपलिंग टेस्ट के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंच सकते हैं।
वहीं, केरल की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने राज्य में कोविड-19 के सामुदायिक प्रसार का खंडन किया है और कहा है कि इस बात का कोई संकेत नहीं है कि राज्य में सामुदायिक प्रसार हुआ है।
शैलजा ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि इस तरह की आशंकाओं का कोई आधार नहीं है और हम व्यापक परीक्षण के साथ आगे बढ़ रहे हैं। फिलहाल, स्थिति नियंत्रण में है और घबराने की जरूरत नहीं है।
कोल्लम, कोट्टायम, इडुक्की और कोझिकोड में पिछले पांच दिनों में अधिक मामले सामने आए। कोट्टायम और इडुक्की के सभी रोगियों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। हालांकि इन जिलों से अधिक लोगों के पॉजिटिव पाए जाने के बाद, सरकार ने 11 गांवों को हॉटस्पॉट घोषित किया है।
बता दें कि देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1543 नए मामले सामने आए हैं और 62 लोगों की मौत हो गई है, जो अब तक सर्वाधिक है।
इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 29,435 हो गई है, जिसमें 21,632 सक्रिय हैं, 6,869 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 934 लोगों की मौत हो चुकी है।