केरल की वामपंथी सरकार ने अडानी बंदरगाह निर्माण का विरोध करने वाले प्रदर्शनकारियों द्वारा विझिंजम क्षेत्र स्थित एक पुलिस स्टेशन पर हमले को अस्वीकार्य करार दिया है। केरल के बंदरगाह मंत्री अहमद देवरकोविल ने कहा कि जहां तक प्रदर्शन का संबंध है तो सरकार अब तक बहुत संयमित थी लेकिन अगर आंदोलन आपराधिक प्रकृति का होता है, जहां पुलिसकर्मियों पर हमला किया जाता तथा पुलिस की संपत्ति को नष्ट किया जाता है तो यह अस्वीकार्य है। बता दें कि रविवार रात हुए इस हमले में कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहीं अपने ऊपर लगे आरोप पर लैटिन कैथोलिक चर्च ने भी सफाई दी और दावा किया कि इसके पीछे बाहरी ताकतें थीं। चर्च ने इसकी न्यायिक जांच की मांग की है।
बंदरगाह मंत्री ने कोझीकोड में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि केरल जैसे धर्मनिरपेक्ष राज्य में हम किसी तरह के साम्प्रदायिक संघर्ष को बर्दाश्त नहीं करेंगे। मंत्री ने दावा किया कि भीड़ ने उन मकानों तथा प्रतिष्ठानों पर हमला किया, जो उनके समुदाय के नहीं थे। उन्होंने कहा कि हम राज्य में साम्प्रदायिक सौहार्द्र बनाए रखने के लिए किसी भी हद तक जाएंगे। यह बताए जाने पर कि लातिन कैथोलिक गिरजाघर ने हिंसा के पीछे बाहरी ताकतों का हाथ होने का दावा किया है, इस पर देवरकोविल ने कहा कि सरकार को कई रिपोर्टें मिली है और इनकी जांच की जा रही है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा के मामले में तीन हजार से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दंगा और आपराधिक साजिश के आरोपों के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस स्टेशन में तोड़फोड़ करने और पुलिसकर्मियों को घायल करने के आरोप में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हिंसा में चालीस से ज्यादा पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों के घायल होने की सूचना है।
प्रदर्शनों की अगुवाई कर रहे फादर यूजीन परेरा ने दावा किया कि पिछले दो दिन में बंदरगाह संबंधित हिंसा के पीछे बाहरी ताकतों का हाथ है और इन घटनाओं की न्यायिक जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शुरुआत में हिरासत में लिए गए लोगों की जानकारी लेने पुलिस थाने गयी महिलाओं को हिरासत में ले लिया गया और उन्होंने दावा किया कि कुछ बाहरी ताकतों ने हस्तक्षेप किया और पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाने तथा आसपास के मकानों पर पथराव के लिए वे जिम्मेदार थे। फादर परेरा ने तिरुवनंतपुरम में मीडिया से कहा कि इसके बाद चीजें बिगड़ गयी और दुर्भाग्यपूर्ण रूप से हिंसा हुई। मैं हिंसा या पुलिस कर्मियों को आयी चोटों को सही नहीं ठहरा रहा हूं।