केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर
- फोटो : ANI
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बुधवार को तिरुवनंतपुरम में केरल विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के नेतृत्व वाले राजग का घोषणा-पत्र जारी किया। इसमें सबरीमाला मंदिर के संचालन के लिए और 'लव जिहाद' के खिलाफ कानून के साथ ही हर परिवार से कम से कम एक सदस्य को रोजगार और हाई स्कूल के छात्रों के लिए मुफ्त लैपटॉप जैसे कई वादे हैं।
जावड़ेकर ने प्रगतिशील घोषणा करार दिया
जावड़ेकर ने एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि भाजपा का घोषणापत्र प्रगतिवादी, गतिशील और विकास पर केंद्रित है तथा केरल को ऐसे घोषणा-पत्र का इंतजार था। वाम नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए जावड़ेकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परियोजनाओं में मामूली बदलाव कर लोगों के समक्ष उसे अपनी योजना के तौर पर इस्तेमाल करने की कोशिश हुई।
जावड़ेकर ने कहा कि हमारा घोषणा-पत्र प्रगतिशील, गतिशील, आकांक्षी और विकास केंद्रित है। केरल को ऐसे घोषणा-पत्र का इंतजार था। प्रमुख बिंदुओं की बात करें तो यह घोषणापत्र परिवार के कम से कम एक सदस्य को रोजगार देने, केरल को आतंकवाद मुक्त करने, भूख से मुक्त करने, सबरीमला कानून (मंदिर की परंपरा के संरक्षण के लिए), हाईस्कूल के छात्रों को मुफ्त लैपटॉप और लव जिहाद के खिलाफ कानून की गारंटी देता है।
अजा-जजा को पांच एकड़ जमीन
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति/जनजाति समुदाय के भूमिहीन सदस्यों को कृषि उद्देश्यों के लिये पांच एकड़ जमीन दी जाएगी। घोषणापत्र में गरीबी रेखा से नीचे के परिवार को मुफ्त में छह रसोई गैस सिलेंडरों का वादा भी किया गया है। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि पिनराई सरकार ने केंद्र सरकार की योजनाओं में मामूली बदलाव पर उनका श्रेय लेना शुरू कर दिया है।
भाजपा नीत राजग ने किए ये वादे भी
- बीपीएल परिवार को हर साल छह रसोई गैस सिलिंडर मुफ्त
- सभी क्षेत्रों में न्यूनतम वेतन सुनिश्चित कराया जाएगा
- कमाने वाले के बीमार पड़ने या कामकाज में सक्षम नहीं होने पर हर माह 5000 रुपये
- सामाजिक कल्याण पेंशन बढ़ाकर 3500 रुपये की जाएगी
- नोक्कुकूली व अत्तिमारी कूली जैसी अनुचित व्यापार प्रथा प्रतिबंधित होगी
- पीएससी परीक्षा से पहले पात्रता परीक्षा लेना बंद किया जाएगा