संघ के शताब्दी वर्ष पर पीएम मोदी के सिक्का जारी करने पर निशाना साधते हुए केरल सीएम ने कहा कि यह हमारे देश की आजादी के नायकों का अपमान है। यह देश के संविधान का अपमान है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना को 100 साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी समेत विभिन्न लोगों ने संघ की तारीफ की। वहीं विपक्षी नेताओं ने संघ पर निशाना साधा। केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन ने संघ की निंदा करते हुए कहा कि इस्राइल के यहूदी राष्ट्रवादी और भारत में संघ जुड़वां भाई हैं।
विज्ञापन
संघ के सम्मान पर फूटा सीएम विजयन का गुस्सा
केरल सीएम ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा 'आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर 100 रुपये का सिक्का और पोस्टल स्टाम्प जारी होना हमारे संविधान का अपमान है। यह एक ऐसे संगठन को वैधता देना है, जिसका हमारे देश की आजादी की लड़ाई में कोई योगदान नहीं है, जो भेदभाव की विचारधारा को बढ़ावा देता है। यह सम्मान देना हमारी आजादी की लड़ाई के नायकों पर सीधा हमला है, जिन्होंने सांप्रदायिक सद्भाव और एकजुट भारत का सपना देखा था।'
एच-1बी वीजा की फीस बढ़ने को लेकर पीएम मोदी पर साधा निशाना
केरल के कन्नूर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम पी. विजयन ने अमेरिकी राष्ट्रपति राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा एच-1बी वीजा की फीस बढ़ाने के एलान पर पीएम मोदी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। सीएम ने कहा कि 'भारतीय प्रधानमंत्री, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हर बात मानते हैं। ट्रंप प्रशासन ने एच-1बी वीजा की फीस बढ़ाई, लेकिन पीएम मोदी ने एक शब्द नहीं कहा।' विजयन ने ट्रंप के टैरिफ पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना की।
वहीं, संघ की स्थापना के 100 साल पूरे होने पर संघ द्वारा देशभर में विभिन्न उत्सव कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साल 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने महाराष्ट्र के नागपुर में संघ की स्थापना की थी।