केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने एर्नाकुलम से बंगलूरू जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के बाद ट्रेन में स्कूली छात्रों से आरएसएस का गीत गवाने के लिए दक्षिणी रेलवे की निंदा की। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) से जारी बयान में विजयन ने कहा कि दक्षिणी रेलवे के इस कृत्य का विरोध किया जाना चाहिए।
विजयन ने कहा, टीवी चैनलों पर प्रसारित दृश्यों में छात्रों को वंदे भारत एक्सप्रेस में आरएसएस का गीत गाते हुए देखा गया। लगातार सांप्रदायिक विभाजनकारी राजनीति फैलाने वाले आरएसएस के गीत को सरकार के आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल करना सांविधानिक सिद्धांतों का उल्लंघन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संघ परिवार की ओर से रेलवे का इस्तेमाल अपने सांप्रदायिक राजनीतिक प्रचार के लिए करना अस्वीकार्य है।
विजयन ने दावा किया कि छात्रों की ओर से ट्रेन में आरएसएस का गीत गाए जाने की घटना को देशभक्ति गीत शीर्षक के साथ सोशल मीडिया पर साझा करके दक्षिणी रेलवे और स्वाधीनता आंदोलन का मजाक उड़ाया गया है। विजयन ने आरोप लगाया कि रेलवे, जिसने आजादी की लड़ाई के दौरान भारत के धर्मनिरपेक्ष राष्ट्रवाद की आधारशिला के रूप में काम किया, अब आरएसएस के सांप्रदायिक एजेंडे का समर्थन कर रहा है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम के साथ विश्वासघात किया था।