केरल पुलिस ने सोमवार को भाजपा नेता प्रिंटू महादेवन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक टीवी डिबेट के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को गोली मारने जैसी टिप्पणी की थी। मामला केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के सचिव श्रीकुमार सी.सी. की शिकायत पर पेरामंगलम पुलिस ने दर्ज किया।
पूर्व एबीवीपी नेता महादेवन ने 26 सितंबर को एक मलयालम न्यूज चैनल पर बांग्लादेश और नेपाल में हुए प्रदर्शनों पर चर्चा के दौरान यह बयान दिया था। उन्होंने कहा कि भारत में ऐसे प्रदर्शन संभव नहीं हैं क्योंकि यहां जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है। इसके बाद उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी को ऐसे सपने आते हैं तो गोलियां उनके सीने को चीर देंगी।
पुलिस ने भाजपा नेता के खिलाफ एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 192 (दंगे भड़काने की नीयत से उकसाना), धारा 353 (शांति भंग करने की नीयत से जानबूझकर अपमान करना) और धारा 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया है। इस बयान के सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे केरल में महादेवन और भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए हैं।
एआईसीसी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर इस धमकी को सिर्फ एक छोटे कार्यकर्ता का बयान नहीं माना जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने इस मामले में तुरंत, सख्त और सार्वजनिक कार्रवाई नहीं करती है तो इसे मिलीभगत माना जाएगा। उन्होंने राज्य पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।