केरल के अलप्पुझा में बर्ड फ्लू के संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है और सख्त सुरक्षा उपाय लागू किए जा रहे हैं। प्रशासन ने संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए हजारों पक्षियों को मारने का आदेश जारी किया है।
केरल के अलप्पुझा जिले में बर्ड फ्लू के संक्रमण की पुष्टि हुई है। बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन सख्त हो गया है और प्रशासन ने सख्त नियंत्रण उपाय शुरू कर दिए हैं। अलप्पुझा जिले की मुहम्मा ग्राम पंचायत के वार्ड-7 में बर्ड फ्लू के संक्रमण की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि प्रभावित क्षेत्र में 5,961 पक्षियों को मारने का फैसला किया गया है।
विज्ञापन
प्रभावित क्षेत्र के एक किलोमीटर के दायरे में पक्षियों को मारने का निर्देश
जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें पक्षियों को मारने का फैसला किया गया। पशुपालन विभाग ने प्रभावित क्षेत्र के केंद्र से एक किलोमीटर के दायरे में पक्षियों को मारने का अभियान चलाने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (रैपिड रिस्पॉन्स टीम) तैनात कर दिए हैं। कुलिंग अभियान 21 मार्च की सुबह से शुरू किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
जिला प्रशासन ने संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सभी विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि यदि कहीं बड़ी संख्या में पक्षियों की असामान्य मौत होती है, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सालय को दी जाए।
मृत पक्षियों को संभालते समय मास्क और दस्ताने जैसे सुरक्षात्मक उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। निर्देशों के अनुसार, मृत पक्षियों को गहराई में दफनाकर चूना और ब्लीचिंग पाउडर जैसे कीटाणुनाशकों का उपयोग किया जाए। साथ ही, क्षेत्र के पोल्ट्री फार्मों को सख्त बायोसिक्योरिटी उपाय लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
बुधवार को कोझिकोड जिले के पनंगड, ओलावन्ना, कक्कोडी, पेरुमन्ना पंचायतों और नल्लालम क्षेत्र में भी बर्ड फ्लू के मामले सामने आए थे, जिससे राज्य में सतर्कता और बढ़ा दी गई है।