केरल के सीएम पिनाराई विजयन के साथ सेल्फी लेते दिव्यांग चित्रकार प्रणव बालासुब्रमण्यन
- फोटो : Social Media
केरल के अलथुर में रहने वाले और पैराें से पेंटिंग बनाने वाले प्रणव बालासुब्रमण्यन इन दिनों चर्चा में हैं। दरअसल दिव्यांग चित्रकार प्रणव ने मंगलवार को केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से मुलाकात की थी। इस मुलाकात की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
मुख्यमंत्री विजयन से मुलाकात के दौरान दिव्यांग चित्रकार प्रणव ने हाल ही में एक रियलिटी शो में जीती गई पूरी राशि चेक के माध्यम से केरल के बाढ़ राहत कोष के लिए दे दी। बता दें कि प्रणव के जन्म से दाेनाें हाथ नहीं हैं। वह अपने पैराें से पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर समेत कई हस्तियाें की पेंटिंग बना चुके हैं।
प्रणव ने अपने पैर से सीएम काे चेक भेंट किया। सीएम ने चेक लेकर उनके पैराें से हैंड शेक किया। इस माैके पर प्रणव ने पैर से माेबाइल थामकर सीएम के साथ सेल्फी भी ली। 22 वर्षीय प्रणव के इस जज्बे से सीएम विजयन खासे प्रभावित हुए और प्रशंसा की।
सिर्फ यही नहीं सीएम विजयन ने अपने ट्वीटर अकाउंट पर इस मुलाकात की तस्वीरें भी अपलोड कीं। इसके बाद से ही यह तस्वीरें वायरल हो रही हैं। लोग प्रणव के जज्बे को सलाम कर रहे हैं।