केरल के तिरुवनंतपुरम में एक 16 वर्षीय लड़की व तीन अन्य लोग मंगलवार को जीका वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि अब राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 23 हो गई।
बता दें कि इससे पहले भी केरल में सोमवार को 73 वर्षीय एक महिला की जांच में जीका वायरस की पुष्टि हुई थी। अब राज्य में जीका वायरस संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 23 हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने कहा कि महिला का इलाज एक निजी अस्पताल में हो रहा था और अस्पताल द्वारा नमूने को कोयंबटूर स्थित एक प्रयोगशाला भेजा गया था जिसमें वायरस का पता चला।
जॉर्ज ने एक विज्ञप्ति में बताया कि इसी समय अलप्पुझा में राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान प्रयोगशाला की इकाई में पांच नमूने भेजे गए थे जिनमें जीका वायरस की पुष्टि नहीं हुई। रविवार को एक बच्चे समेत तीन लोगों में जीका वायरस के संक्रमण का पता चला था जिसके बाद सरकार ने राज्य के चार सरकारी मेडिकल कॉलेजों में जांच के लिए 2,100 किट की व्यवस्था की थी।
देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर की रफ्तार धीमी पड़ गई है, लेकिन केरल में स्थिति इसके विपरीत है। 11 दिन यानी 11 जुलाई तक केरल में 1.28 लाख से अधिक कोरोना संक्रमण के मामले दर्ज किए गए हैं, जिसे देखकर विशेषज्ञों का कहना है कि सावधानी बरतने की जरूरत है। यह केरल में कोरोना की तीसरी लहर का आगमन है। इससे पहले पहली और दूसरी लहर में भी इसी तरह के रुझान देखने को मिले थे।
केरल देश का इकलौता ऐसा राज्य है, जहां पिछले 11 दिनों में 1,28,951 से अधिक संक्रमण के केस दर्ज किए गए हैं। वहीं दिल्ली में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान 25 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमण के केस दर्ज किए गए थे। वहीं देश की राष्ट्रीय राजधानी में 1-11 जुलाई के बीच केवल 870 मामले दर्ज किए गए हैं।
केरल: इन जिलों में हालात चिंताजनक
केरल के मल्लपुरम, कोट्टयम, कासरगोड, कोझिकोड और थिसूर समेत 14 जिलों में कोरोना मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों से लेकर प्रशासन तक की चिंता बढ़ गई है। मल्लपुरम, कोट्टयम, कासरगोड में कोरोना वायरस के केस नियमित तौर पर बढ़ रहे हैं, जबकि कोट्टयम और थिसूर में मामले न बढ़ रहे हैं न ही घट रहे हैं।