सेना प्रमुख जनरल विपिन रावत ने कहा है कि पाकिस्तान ने अब अपनी भारत विरोधी गतिविधियों का केंद्र शहर और शहरी इलाकों को बना लिया है। अब शहरों के पढ़े-लिखे आवाम में धर्म और कथित जेहाद का जहर भरने की कोशिश बड़ी सफाई से चल रही है। सेना प्रमुख के मुताबिक पाक के इस नए पैंतरे को मनोवैज्ञानिक युद्ध (साइकोलोजिकल वॉर) और अवधारणा प्रबंधन (परशेप्सन मैनेजमेंट) से ही काटा जा सकता है।
जनरल रावत ने कहा कि अब पाकिस्तान के प्राक्सी वार के तहत किए जा रहे करतूतों को पहले से भांपने की जरूरत है। लिहाजा सेना समेत पूरा सुरक्षा तंत्र नई रणनीति पर काम कर रहा है। रावत ने कहा कि पहले आतंकी करतूत के केंद्र घाटी के गांव और दूर-दराज के इलाके थे।