कर्नाटक के दावणगेरे जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला घरेलू विवाद के बाद मायके लौट रही थी, जिसे रास्ते में लिफ्ट का झांसा देकर 10 युवकों ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। यह मामला चन्नागिरी तालुक के बसवपटना थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने मंगलवार को बताया, मामले में एक नाबालिग समेत सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पीड़िता के बयान के आधार पर इश्त्री नागराज, अर्जुन, बसवंथा, कुंदुरु मारुति, हेग्गा मारुति, मनु, जोगी सुनील, प्रदीप, मधु और कानून से संघर्षरत एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया।
14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
सभी आरोपियों का चन्नागिरी तालुक अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से सभी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने इस मामले पर क्या कहा?
पुलिस के अनुसार, यह घटना तीन जून को हुई थी। बताया जा रहा है कि पीड़िता का अपने पति से झगड़ा हो गया था, जिसके बाद वह रात में अकेले पैदल अपने मायके जा रही थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने उससे संपर्क किया। उन्होंने दोस्ताना व्यवहार करते हुए महिला को मोटरसाइकिल से घर छोड़ने की पेशकश की।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर एक ठंडे पेय में शराब मिलाकर महिला को पिला दी। इसके बाद जब वह बेहोशी या नशे की हालत में पहुंच गई, तो उसे एक सुनसान जगह पर ले जाया गया। वहां आरोप है कि युवकों ने बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
ये भी पढ़ें:
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द: चुनाव आयोग के बाहर कांग्रेस का धरना, अंदर न जाने देने का लगाया आरोप
मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर धमकी देने का आरोप
यह भी आरोप है कि आरोपियों ने घटना का वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया और महिला को धमकी दी कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया जाएगा। इसी डर के कारण पीड़िता शुरुआत में चुप रही।
हालांकि, बाद में जब कथित तौर पर यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, तो पीड़िता मंगलवार तड़के करीब साढ़े 12 बजे बसवपटना थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सुबह साढ़े चार बजे तक 10 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और कुछ ही घंटों के भीतर सभी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।