कर्नाटक सेक्स कांड मामले में पुलिस ने भाजपा विधायक रमेश जारकीहोली की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धन उगाही व साजिश का मामला दर्ज दर्ज किया है। जारकीहोली ने खुद न जाकर अपने करीबी एमवी नागराज को सदाशिवनगर थाना भेजकर शिकायत दर्ज कराई।
जारकीहोली ने शिकायत में किसी का नाम दिए बगैर कहा कि कुछ लोगों ने धन उगाही की मंशा से उनका नाम बदनाम किया। उन्होंने दावा किया कि बीते तीन महीने से उनके खिलाफ साजिश रची जा रही थी। उनका राजनीतिक जीवन खत्म करने और ब्लैकमेल करने के लिए एक फर्जी सीडी भी बनाई गई थी। इसमें कई लोगों के शामिल होने का दावा किया गया।
जारकीहोली ने बताया कि वह इस मामले में कानून की मदद लेंगे। बता दें कि यौन उत्पीड़न के आरोप में जारकीहोली ने कुछ दिन पहले ही मंत्री पद से इस्तीफा दिया है।