बंगलूरू में भारी बारिश के बाद जन जीवन अस्त व्यस्त
- फोटो : ANI
कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में कई दिनों से हो रही भारी बारिश आफत बनकर लोगों पर टूटी है। बारिश के चलते जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कल रात हुई भारी बारिश के बाद होसाकेरेहल्ली इलाके समेत कई जगहों पर पानी भर गया।
बारिश का सितम इस कदर रहा कि कई इलाकों में गाड़ियां जलमग्न हो गईं और लोगों के घरों तक में पानी घुस गया। कुछ इलाकों में सड़कों पर घुटने तक पानी भर गया। निचले इलाके जलजमाव के चलते तालाब में तब्दील हो गए।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया है, कल बंगलूरू में भारी वर्षा के मद्देनजर मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बीबीएमपी आयुक्त मंजूनाथ प्रसाद को जल क्षेत्रों का दौरा करने और स्थिति को देखने का निर्देश दिया है।
बाढ़ प्रभावितों को मुआवजे का एलान
इससे पहले, गुरुवार को मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने कहा, इस साल बाढ़ की स्थिति पिछले वर्ष की तुलना में अधिक गंभीर थी और केंद्र को इसके बारे में अवगत कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, राज्य के पास धन की कोई कमी नहीं है और प्रभावित परिवारों को पहले से ही 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। इसके अलावा पिछले साल के मुआवजे के अनुसार इस बार अधिक मुआवजा दिया जाएगा।
कर्नाटक आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आयुक्त मनोज राजन के अनुसार, चार बाढ़ प्रभावित जिलों में 247 प्रभावित गांवों की पहचान की गई है, जबकि 136 गांवों में 43,158 लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया है। जिला प्रशासन ने 205 राहत शिविर खोले हैं जहां 37,931 लोग रह रहे हैं।