कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज नेता बीएस येदियुरप्पा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच सोमवार को खास जुगलबंदी दिखाई दी। दोनों स्टेज पर एक-दूसरे का हाथ पकड़े दिखाई दिए, तो प्रधानमंत्री ने दिग्गज नेता का हाथ जोड़कर अभिवादन भी किया।
बता दें, येदियुरप्पा आज अपना 80वें जन्मदिन मना रहे हैं और पिछले दिनों ही उन्होंने सक्रिय राजनीति से पूरी तरह संन्यास लेने का एलान कर दिया है। इस मौके पर कर्नाटक पहुंचे प्रधानमंत्री ने उन्हें खास तोहफा दिया।
समर्थकों से पीएम ने की यह अपील
शिवगोमा में कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समर्थकों से अपने-अपने मोबाइल के टॉर्च दिग्गज नेता के सम्मान में जलाने की अपील की। इसके बाद येदियुरप्पा काफी भावुक दिखाई दिए। प्रधानमंत्री ने इस दौरान कहा, आज का दिन एक और वजह से खास है, क्योंकि कर्नाटक के लोकप्रिय नेता येदियुरप्पा का जन्मदिन है। मैं उनकी स्वस्थ्य और लंबी आयु की कामना करता हूं। उन्होंने आगे कहा, येदियुरप्पा ने अपना पूरा जीवन गरीबों और किसानों के कल्याण में लगाया। बीते दिनों उन्होंने विधानसभा में जो भाषण दिया, उससे लोगों को प्रेरणा लेनी चाहिए। इतनी उपलब्धियों के बाद भी वह बहुत ही जमीनी और विनम्र व्यक्ति हैं। उनसे मुझे हमेशा प्रेरणा मिलती है।
शिवमोगा एयरपोर्ट का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को कर्नाटक के शिवमोगा एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने कहा, "आज मुझे एक बार फिर कर्नाटक के विकास से जुड़े हजारों-करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स के लोकार्पण और शिलान्यास का अवसर मिला है। आज शिवमोगा को अपना एयरपोर्ट मिला है, यह बहुत ही भव्य और सुंदर है। यह सिर्फ एयरपोर्ट नहीं है बल्कि इस क्षेत्र के जवानों के सपनों की नई उड़ान का अभियान है।"