कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार
- फोटो : पीटीआई
बेलगावी में जारी कर्नाटक विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बीच सत्ता परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई हैं। कांग्रेस विधायक इकबाल हुसैन ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार सत्र के समाप्त होते ही राज्य के अगले मुख्यमंत्री बन जाएंगे। विधायक हुसैन ने यह दावा उस डिनर मीटिंग के बाद किया जिसमें 50–55 कांग्रेस विधायकों ने हिस्सा लिया। यह बैठक गुरुवार देर रात हुई और इसके बाद से ही सियासी गलियारों में हलचल बढ़ गई है।
'मैं खुशखबरी दे रहा हूं… सत्र के बाद शिवकुमार ही बनेंगे मुख्यमंत्री'
मीडिया से बात करते हुए हुसैन ने कहा 'शिवकुमार जी को मौका मिलेगा, वह मुख्यमंत्री बनेंगे। इसमें गलत क्या है? हम सबको विश्वास है कि उनके संघर्ष और मेहनत का उन्हें फल मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह डिनर कोई शक्ति प्रदर्शन नहीं था, बल्कि विधायकों का सामान्य मिलन था। हम सब दोस्त हैं। खाना खाने से कोई शक्ति प्रदर्शन नहीं होता।'
हाईकमान लेगा अंतिम फैसला: MLA
कांग्रेस विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी अनुशासन सबसे ऊपर है और अंतिम निर्णय हाईकमान ही करेगा। उन्होंने कहा हम संख्या की राजनीति नहीं कर रहे। जो निर्णय हाईकमान लेगा, हम सभी उसका पालन करेंगे।
ये भी पढ़ें:- 'पूरे साल हवाई टिकटों की कीमतों को नहीं कर सकते नियंत्रित', उड्डयन मंत्री का हवाई किराये पर बड़ा बयान
एक बार फिर क्यों बढ़ी हलचल?
कर्नाटक में कांग्रेसी सरकार 20 नवंबर को अपने कार्यकाल के आधे रास्ते पर पहुंचते ही अटकलें शुरू हो गई थीं कि सिद्धारमैया मुख्यमंत्री पद छोड़ सकते हैं। हाल ही में CM सिद्धारमैया और डिप्टी CM शिवकुमार दोनों ने एक-दूसरे के घर पर नाश्ता मीटिंग की थी, जिसे नेतृत्व विवाद शांत करने की कोशिश माना जा रहा था।
गौरतलब है कि 8 दिसंबर से शुरू हुआ शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर तक चलेगा। इसी दौरान दल-बदल और नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा तेज हो गई है।