08:34 AM, 10-Jul-2019
कर्नाटक: दो और विधायकों का इस्तीफा, पुलिस ने शिवकुमार को जबरन बंगलूरू भेजा
कर्नाटक में चल रहा राजनैतिक ड्रामा अभी थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार को कर्नाटक विधानसभा के स्पीकर के आर रमेश कुमार ने 13 बागी विधायकों में से आठ विधायकों का इस्तीफा कानूनन सही नहीं पाए जाने पर ठुकरा दिया। जिसके बाद कर्नाटक की कांग्रेस-जदएस गठबंधन सरकार से बगावत कर चुके 10 विधायक मंगलवार शाम वापस मुंबई लौट आए।
कर्नाटक विधानसभा के बाहर आज धरना देंगे भाजपा विधायक
कर्नाटक में विधायकों के लगातार हो रहे इस्तीफों के बाद भाजपा मुख्यमंत्री कुमारस्वामी पर हमलावर है। भाजपा उनके इस्तीफे की मांग पर अड़ गई है। पार्टी ने राज्यपाल वजुभाई वाला से मामले में तत्काल दखल देने की मांग की है। गौरतलब है कि अब तक कांग्रेस और जदएस के 14 विधायक इस्तीफा दे चुके हैं।
राज्य में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम के बीच पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ लगातार बैठकें कर आगे की रणनीति बना रहे हैं। येदियुरप्पा ने मंगलवार को कहा कि हमारे विधायकों और वरिष्ठ नेताओं से विस्तृत चर्चा के बाद यह तय किया गया है कि बुधवार सुबह 11 बजे विधानसभा के बाहर सभी विधायक धरना देंगे।
इस बीच, कर्नाटक भाजपा के महासचिव अरविंद लिंबावली ने कहा कि बुधवार दोपहर एक बजे भाजपा का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात करेगा। हम उनसे मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग करते हैं। राज्यपाल और स्पीकर के मिलने के बाद हम आगे की रणनीति तय करेंगे।