सीएए और एनआरसी पर कर्नाटक के स्कूल में नाटक में पीएम मोदी का गलत चित्रण करने से जुड़े देशद्रोह मामले में पुलिस ने पांचवीं बार कुछ स्कूली बच्चों और स्टाफ से पूछताछ की। इस मामले में पुलिस स्कूल की प्रिंसिपल फरीदा बेगम और नाटक में हिस्सा लेने वाली एक बच्ची की मां नजबुनिशा को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
स्कूल के सूत्रों ने बताया कि नजबुनिशा की गिरफ्तारी के बाद उसकी बच्ची मानसिक सदमे में है और मकान मालिक उसकी देखभाल कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया, पुलिस 28 जनवरी को स्कूली बच्चों से वर्दी में पूछताछ करने पर कुछ वर्गों ने पुलिस की आलोचना की थी। इसके दो दिन बाद पुलिस ने स्कूल और फेसबुक पेज पर नाटक का वीडियो अपलोड करने वाले व्यक्ति के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कर लिया।
मंगलवार को तीन पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में आए, जिनके साथ कर्नाटक बाल अधिकार संरक्षण आयोग के दो सदस्य भी थे। थोड़ी देर बाद एसपी भी स्कूल पहुंच गए। इस बारे में एसपी एच बसवेश्वरा ने कहा, मामले में जांच जारी है। हम बच्चों व स्टाफ से नाटक की स्क्रिप्ट लिखने वालों और संवाद लिखने वालों के बारे में पूछताछ कर रहे हैं।