कर्नाटक की येदियुरप्पा सरकार में ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री केएस ईश्वरप्पा ने रविवार को आयोजित एक जनसभा में विवादित बयान दे डाला। कांग्रेस विधायकों पर तंज कसते हुए उन्होंने उनका व्यवहार किन्नरों जैसा बता डाला।
ईश्वरप्पा ने कहा, 'हमारी सरकार के सत्ता में आने से पहले कांग्रेस के कुछ विधायकों ने भाजपा से जुड़ने में रुचि दिखाई थी। लेकिन, उन्हें यह डर था कि कहीं चुनाव में वो हार न जाएं। उन्हें ऐसा लग रहा था कि 50 हजार मुसलमान उन्हें वोट नहीं देंगे। यह व्यवहार बिलकुल किन्नरों जैसा था।'
ईश्वरप्पा यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा, 'केवल देशभक्त मुसलमान ही भाजपा को वोट देते हैं। जो देश के खिलाफ हैं, देशद्रोही हैं और पाकिस्तान के समर्थक हैं, वो लोग ऐसा करने में संकोच करते हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैंने कभी भी उस समुदाय (मुस्लिम) को खुश करने की कोशिश नहीं की और न ही कभी शुभकामनाएं दीं, लेकिन इसके बावजूद मुझे जीतने के लिए पर्याप्त वोट मिल जाते हैं।'